@ नई दिल्ली :-
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) द्वारा 24 से 28 मार्च, 2026 तक आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस चैंपियनशिप 2025–26 का आज नई दिल्ली स्थित आर.के. खन्ना स्टेडियम में भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ।

इस अवसर पर खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन कुमार डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में तपन कुमार डेका ने ITBP, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड, विभिन्न राज्य पुलिस बलों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से आए प्रतिभागियों तथा निर्णायकों को चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन उभरती प्रतिभाओं की पहचान एवं उनके संवर्धन में सहायक सिद्ध होते हैं, जो भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी।
मुख्य अतिथि ने पुलिस बलों की लॉन टेनिस में समृद्ध परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि यह चैंपियनशिप खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करती है।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे खेल आयोजन देश के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करते हैं तथा अनुशासन एवं उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं।

पुलिस बलों की बहुआयामी भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में राष्ट्र की सेवा हेतु उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने सभी कार्मिकों को इसी प्रतिबद्धता एवं पेशेवर उत्कृष्टता के साथ आगे भी कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
डेका ने सभी पदक विजेताओं एवं प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी तथा चैंपियनशिप के उत्कृष्ट आयोजन हेतु ITBP की सराहना की।
ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा चैंपियनशिप का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने खेलों के प्रोत्साहन के प्रति बल की प्रतिबद्धता दोहराते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे अखिल भारतीय पुलिस खेल आयोजनों का सफल आयोजन किया जाता रहेगा।

ITBP के अतिरिक्त महानिदेशक (मुख्यालय) संजय गुंज्याल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस चैंपियनशिप में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं राज्य पुलिस बलों की 23 टीमों से कुल 135 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 24 पदकों (12 स्वर्ण एवं 12 रजत) के लिए मुकाबले आयोजित किए गए।टीम प्रतियोगिताओं में ITBP समग्र विजेता रही, जबकि बीएसएफ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन कुमार डेका, ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, अतिरिक्त महानिदेशक (मुख्यालय) संजय गुंज्याल तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं राज्य पुलिस बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

