19वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रतिभागियों की पंजीकरण प्रक्रिया की शुरूआत

@ मुंबई महाराष्ट्र :-

मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (MIFF) के 19वें आयोजन के लिए प्रतिभागी पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने की घोषणा कर दी गई है। यह महोत्सव 15 से 21 जून, 2026 तक मुंबई, महाराष्ट्र के पेडर रोड स्थित NFDC परिसर में आयोजित किया जाएगा। दक्षिण एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित गैर-फीचर फिल्मों को समर्पित महोत्सवों में से एक के रूप में मान्यता प्राप्त MIFF, दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों, मीडिया पेशेवरों और सिनेमा प्रेमियों को एक व्‍यापक मंच प्रदान करता है।

जैसे-जैसे भारतीय फिल्म उद्योग कंटेंट निर्माण में वैश्विक दिग्‍गज के रूप में उभर रहा है, मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव महत्वाकांक्षी फिल्म निर्माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच और सीढ़ी के रूप में कार्य करता है।

MIFF 2026 के लिए प्रतिभागी पंजीकरण

आगामी MIFF आयोजन के लिए प्रतिभागियों का पंजीकरण आधिकारिक महोत्सव पोर्टल के माध्यम से शुरू हो गया है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक MIFF वेबसाइट: https://miff.in/en के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

पंजीकरण पूरा करने के लिए प्रतिभागी https://my.miff.in/dashboard/ पर जा सकते हैं।

नए उपयोगकर्ताओं को अपना अकाउंट बनाना होगा, जबकि मौजूदा उपयोगकर्ता सीधे लॉग इन कर सकते हैं। आवेदकों को आवश्यक विवरण भरने होंगे और 500 रुपये का पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा।

छात्र पंजीकरण नि:शुल्क है। छात्र श्रेणी के अंतर्गत प्रस्तुत आवेदनों की समीक्षा और अनुमोदन बैकएंड टीम द्वारा विवरणों और सहायक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किया जाएगा।

पंजीकरण संबंधी किसी भी सहायता के लिए प्रतिभागी registration@miff.in पर सहायता टीम से संपर्क कर सकते हैं । तकनीकी प्रश्नों के लिए, कृपया digitalteam@nfdcindia.com पर संपर्क करें ।

19वें MIFF के बारे में जानकारी

मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (MIFF) एक ऐतिहासिक आयोजन है और दक्षिण एशिया में वृत्तचित्र, लघु कथा और एनिमेशन फिल्मों को समर्पित सबसे पुराना और सबसे बड़ा फिल्म महोत्सव होने का गौरव रखता है। 1990 में स्थापित (शुरुआत में बॉम्बे अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के रूप में) MIFF भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं की उत्कृष्ट कृतियों को प्रदर्शित करने वाले एक जीवंत मंच के रूप में विकसित हुआ है।

19वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भव्य उद्घाटन और समापन समारोह के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय प्रतियोगिता खंड भी शामिल होंगे, जिनमें प्रतिष्ठित गोल्डन और सिल्वर कोंच पुरस्कार और 55 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रमुख पुरस्कारों में वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार, प्रमोद पति पुरस्कार (सबसे नवीन/प्रायोगिक फिल्म के लिए), तकनीकी उत्कृष्टता पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ छात्र फिल्म पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक पुरस्कार शामिल हैं।

इस महोत्सव में कई गैर-प्रतियोगिता खंड भी शामिल होंगे, जिनमें प्रिज्म – भारत और दुनिया भर की शीर्ष श्रेणी की और नवोन्मेषी फिल्मों का एक क्यूरेटेड शोकेस; अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित और पुरस्कार विजेता फिल्मों को प्रदर्शित करने वाले विशेष क्यूरेटेड खंड; स्वतंत्र फिल्में; देश केंद्रित फिल्में; पुनर्स्थापित क्लासिक्स; वन्यजीव फिल्में; छात्र फिल्में; न्यू मीडिया और एआई फिल्में; और कई अन्य खंड शामिल हैं।

MIFF 2026 में विशेष स्क्रीनिंग, रेड कार्पेट इवेंट, मास्टरक्लास, पैनल चर्चा और वेव्स डॉक बाज़ार का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे यह सिनेमाई उत्कृष्टता और रचनात्मक आदान-प्रदान का एक व्यापक उत्सव बन जाएगा। पहली बार, वेव्स डॉक बाज़ार में इमर्सिव मार्केट भी पेश किया जाएगा, जो इमर्सिव कंटेंट क्रिएटर्स, प्रोड्यूसर्स और तकनीकी सहयोगियों के लिए एक समर्पित मंच है। वीआर, एआर, एक्‍सआर और संवादात्‍मक अनुभवों पर केंद्रित यह मार्केट अभिनव परियोजनाओं को प्रदर्शित करने, कहानी कहने के नए प्रारूपों का पता लगाने और सार्थक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...