@ अगरतला त्रिपुरा :-
मुख्यमंत्री माणिक सहा ने राज्य में जल संसाधनों के वैज्ञानिक और प्रभावी उपयोग के लिए आधुनिक तकनीक तथा मजबूत आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को अगरतला के कुंजबन स्थित विश्वेश्वरैया परिसर में जल संसाधन विभाग के राज्य स्तरीय डाटा सेंटर का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्याधुनिक डाटा सेंटर राज्य में भूजल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और उपलब्ध जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि बदलते जलवायु परिदृश्य और बढ़ती जल आवश्यकताओं को देखते हुए जल संरक्षण और प्रबंधन के लिए तकनीक आधारित व्यवस्था समय की आवश्यकता बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र कृषि सिंचाई, बांधों के रखरखाव तथा नदी जल के प्रभावी उपयोग से जुड़ी सूचनाओं को एकत्र करने, सुरक्षित रखने और विश्लेषण करने में मदद करेगा। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों को सटीक आंकड़े उपलब्ध होंगे, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संसाधनों के संरक्षण और सतत उपयोग को प्राथमिकता दे रही है तथा यह डाटा सेंटर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम साबित होगा।
