@ नई दिल्ली :-
दिल्ली-एनसीआर में टैक्सी और ऑटो चालकों ने 21 मई से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियनों का कहना है कि बढ़ती सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों के कारण चालक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, जबकि पिछले करीब 15 वर्षों से किरायों में कोई बड़ा संशोधन नहीं हुआ है।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) और चालक शक्ति यूनियन समेत कई संगठनों ने दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टैक्सी और ऑटो किराया बढ़ाने की मांग की है। यूनियनों ने ऐप आधारित कंपनियों जैसे ओला, उबर और रैपिडो पर ड्राइवरों के आर्थिक शोषण का आरोप भी लगाया है।
इस हड़ताल के दौरान “चक्का जाम” की भी चेतावनी दी गई है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कई परिवहन संगठनों ने इस आंदोलन को समर्थन दिया है।
यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द किराया संशोधन और अन्य मांगों पर फैसला नहीं लिया, तो आंदोलन को और बड़ा किया जा सकता है।
