@ नई दिल्ली :-
दिल्ली पुलिस की बाहरी जिला (डीसीपी आउटर) स्पेशल सेल टीम ने कुख्यात ‘हिमांशु भाऊ’ गैंग से जुड़े एक वांछित अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे दबोच लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि ‘हिमांशु भाऊ’ गैंग से जुड़ा एक वांछित अपराधी इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने यूईआर-2 अंडरपास के पास जाल बिछाया और संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया।
खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। फायरिंग के दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल अजय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट होने के कारण पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की और आरोपी को काबू कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर अपराधों समेत करीब 10 आपराधिक मामलों में वांछित रहा है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गैंग की गतिविधियों, उसके सहयोगियों और हाल के आपराधिक मामलों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि गिरफ्तारी से गैंग की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।
