@ नई दिल्ली :-
5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) द्वारा देशभर में वृहद् पौधारोपण अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर महानिदेशक ITBP शत्रुजीत सिंह कपूर ने नई दिल्ली स्थित 22वीं वाहिनी परिसर, तिगड़ी में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त महानिदेशक संजय गुंज्याल, वरिष्ठ अधिकारियों एवं 150 से अधिक हिमवीरों के साथ पौधारोपण किया।
अपने संबोधन में महानिदेशक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि ITBP की कार्य-संस्कृति का अभिन्न अंग है। हिमालयी एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में कार्यरत बल के कार्मिक जलवायु परिवर्तन, हिमनदों के क्षरण तथा पर्यावरणीय असंतुलन के प्रभावों को निकटता से अनुभव करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण वर्तमान और भावी पीढ़ियों, दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
महानिदेशक ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आज देशभर में पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है तथा ITBP को 75,000 पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बल के सभी फ्रंटियर मुख्यालय, सेक्टर मुख्यालय, प्रशिक्षण संस्थान एवं इकाइयाँ इस लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त करेंगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं हिमवीरों से आह्वान किया कि वे केवल पौधारोपण तक सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लें, क्योंकि किसी पौधे को वृक्ष के रूप में विकसित करना ही पर्यावरण संरक्षण की वास्तविक सफलता है।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ITBP की विभिन्न इकाइयों, प्रशिक्षण संस्थानों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से बल ने पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता संवर्धन तथा सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।

