सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा हुई सम्पन्न, राजस्थान के 1008 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा से सकुशल लौटे

@ जयपुर राजस्थान :-

श्री सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा पर गए प्रदेश के 1008 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रियों का समूह बुधवार को यात्रा सम्पन्न कर, विशेष ट्रेन से सकुशल जयपुर लौटे।  देवस्थान विभाग की ओर से संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत आयोजित इस  यात्रा के समापन पर श्री सोमनाथ महादेव, श्री द्वारकाधीश और नागेश्वर महादेव के जयकारे लगाते हुए वरिष्ठ नागरिकों ने श्री सोमनाथ यात्रा की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए राजस्थान सरकार को धन्यवाद दिया।
यात्रा प्रभारी अधिकारी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि यह सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा 5 जून से शुरू हुई और 10 जून को सकुशल सम्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में सम्मिलित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रियों के समूह का गुजरात सरकार की ओर से भव्य स्वागत किया गया तथा इस यात्रा को सकुशल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
यात्रा के सह प्रभारी अधिकारी श्रवण कुमार लक्षकार ने बताया कि इस यात्रा में शामिल वरिष्ठ नागरिकों को इस यात्रा में द्वादश ज्योतिर्लिंगों में दो ज्योतिर्लिंग और सप्त पुरियों में से एक द्वारका पुरी एवं जगद्गुरु शंकराचार्य की चार पीठों में एक शारदा पीठ के दर्शन होना परम सौभाग्य की बात है, जो एक सपने के साकार होने के बराबर है। तीर्थ यात्रियों ने सरकार को प्रसन्न भाव से इस दिव्य-भव्य यात्रा के आयोजन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी सांस्कृतिक चेतना का महापर्व—
श्री सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की पहल की है। जिसके अंतर्गत देश के सभी राज्यों की ओर से तीर्थ यात्रियों के समूहों को सोमनाथ यात्रा करवाई जा रही है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी सांस्कृतिक चेतना का महापर्व है।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के द्वारा भी इसी सांस्कृतिक चेतना को गुंजायमान किये जाने के लिए राजस्थान के एक हजार आठ वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालुओं को गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में स्थित श्री सोमनाथ यात्रा करवाई गई है।
मुख्यमंत्री ने 5 जून को सोमनाथ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन को दिखाई हरी झंडी—
उल्लेखनीय है कि यह सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा 5 जून से शुरू हुई जो 10 जून (बुधवार) को सम्पन्न हुई। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के द्वारा 5 जून (शुक्रवार) को शाम 4 बजे सोमनाथ यात्रा की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने ट्रेन में वरिष्ठ तीर्थ यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं भी दी।
इस दौरान देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, सांसद मंजू शर्मा, शासन सचिव देवस्थान शुचि त्यागी सहित देवस्थान विभाग एवं रेलवे के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में तीर्थयात्री मौजूद रहे।
6 और 7 जून को श्री सोमनाथ दर्शन और भ्रमण—
राजस्थान के 1008 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रियों का समूह 6 जून (शुक्रवार) को गुजरात के वेरावल रेलवे स्टेशन आगमन पर गुजरात सरकार द्वारा भव्य स्वागत किया गया। वरिष्ठ नागरिकों को पुष्प-गुच्छ भेंट किए गए, वहीं स्वागत स्वरूप गुजराती लोक संस्कृति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वरिष्ठ नागरिकों में उत्साह और उमंग का संचार किया।
5 जून को जयपुर से विशेष ट्रेन से वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रियों को गुजरात के वेरावल पहुंचने के पश्चात उन्हें स्टेशन से एसी बसों से गिर सोमनाथ जिले के प्रभास पाटन क्षेत्र लाया गया। जहाँ 6 जून को गुजरात सरकार के सहयोग श्री सोमनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन करवाए गए। वरिष्ठ नागरिकों को श्री सोमनाथ की संध्या आरती में शामिल करवाया गया। तत्पश्चात उन्हें लाइट एंड साउंड शो दिखाया गया।
अगले दिन 7 जून, रविवार को गिर सोमनाथ में गोलकधाम, राम मंदिर, बाणगंगा, भालका तीर्थ के दर्शन करवाए गए। इसी के साथ सोमनाथ स्वाभिमान पर्व गैलरी एवं हाट बाजार का भ्रमण भी करवाया गया। वरिष्ठ नागरिकों को सोमनाथ बीच दर्शन भी करवाए गए।
8 और 9 जून को द्वारकाधीश और बेट द्वारका एवं नागेश्वर महादेव के दर्शन—
6 और 7 जून को श्री सोमनाथ में दर्शन के पश्चात रविवार रात्रि 10 बजे विशेष ट्रेन से द्वारका के दर्शन हेतु रवाना किया गया। जहाँ श्रद्धालुओं ने 8 जून को द्वारका में भगवान द्वारकाधीश के दर्शन किए और 9 जून को बेट द्वारका एवं नागेश्वर महादेव के दर्शन किए। 9 जून को शाम 9:00 बजे विशेष ट्रेन जयपुर के लिए रवाना हुई और 10 जून को जयपुर पहुंच गई।
उत्कृष्ट व्यवस्थाएं—
वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक तीर्थाटन करवाने के राजस्थान सरकार के संकल्प को देवस्थान विभाग द्वारा पूरा किया जा रहा है। इसके लिए एसी ट्रेन, ठहरने, भोजन व परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...