@ चंडीगढ़ हरियाणा :-
हरियाणा सरकार अहीरवाल क्षेत्र के वीर शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को सम्मानित करने के लिए नसीबपुर में एक भव्य स्मारक का निर्माण कराएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह स्मारक अहीरवाल की गौरवशाली वीर परंपरा और राष्ट्रभक्ति की अमिट गाथा को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नसीबपुर स्मारक केवल एक ऐतिहासिक संरचना नहीं होगा, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान की प्रेरणा देने वाला केंद्र भी बनेगा। स्मारक के माध्यम से क्षेत्र के वीर सपूतों के योगदान को सम्मानपूर्वक प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे लोगों को उनके संघर्ष और शौर्य से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मारक परिसर के विकास में उच्च गुणवत्ता और आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। परिसर के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र विकास तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही पर्याप्त पार्किंग, सुगम आवागमन और बेहतर आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
राज्य सरकार का मानना है कि यह स्मारक अहीरवाल क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान देगा और राष्ट्रीय एकता, वीरता तथा बलिदान के मूल्यों को सशक्त रूप से आगे बढ़ाएगा।
