@ पटना बिहार
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में ‘बिहार गति’ के अंतर्गत चिन्हित परियोजनाओं, ₹100 करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं तथा विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने, नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की कई महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया। इनमें कोसी-मेची इंटर स्टेट लिंक परियोजना, नॉर्थ कोयल जलाशय, मांडई वीयर, वाराणसी-रांची-कोलकाता 6-लेन कॉरिडोर, आमस-दरभंगा फोर-लेन तथा कन्हौली-शेरपुर (एनएच-131जी) 6-लेन परियोजना शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन सभी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए समन्वय और कार्य निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्यभर में व्यापक टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाने, सभी टीबी केंद्रों को पूरी तरह कार्यशील बनाने, जन-जागरूकता बढ़ाने तथा प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से ही टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार विकास परियोजनाओं को गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से बेहतर समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि बिहार के विकास को नई रफ्तार मिल सके।

