@ प्रजा दत्त डबराल नई दिल्ली :-
उत्तराखंड मीडिया संगठन के पदाधिकारियों ने दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठन के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर डॉ. बछेती का अभिनंदन किया।

भेंट के दौरान उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और मीडिया विषयों पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. विनोद बछेती को दिल्ली भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व मिलना उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय भूमिका का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रभावी नेतृत्व के साथ करेंगे।
बैठक में उत्तराखंड से जुड़े लोगों की समस्याओं, सामाजिक सरोकारों और मीडिया से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। संगठन ने उम्मीद जताई कि डॉ. बछेती दिल्ली में रह रहे उत्तराखंड मूल के लोगों की अपेक्षाओं और समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
डॉ. विनोद बछेती ने इस अवसर पर बताया कि उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक एवं गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के जन्मदिवस (12 अगस्त) की पूर्व संध्या पर 11 अगस्त की शाम उनके न्यू अशोक नगर स्थित सभागार में एक भव्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने उत्तराखंड मीडिया संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस कार्यक्रम में सादर आमंत्रित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, संगीत और विरासत को समर्पित होगा तथा इसमें बड़ी संख्या में उत्तराखंड समाज के प्रबुद्धजन, कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
डॉ. विनोद बछेती ने संगठन के पदाधिकारियों द्वारा दिए गए सम्मान और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद और सहयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस शिष्टाचार भेंट को उत्तराखंड मीडिया संगठन और डॉ. बछेती के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
