नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री से की मुलाकात

@ नई दिल्ली :-

भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। एडमिरल स्वामीनाथन 10 अगस्त से मॉरीशस की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनकी यात्रा का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मॉरीशस के साथ भारत के द्विपक्षीय समुद्री संबंधों को और मजबूत करना है।

भारतीय नौसेना के अनुसार, 12 अगस्त को हुई इस बैठक में भारत के उच्चायुक्त अनुराग श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। दोनों पक्षों ने समुद्री सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया। इनमें भारतीय नौसेना और मॉरीशस नेशनल कोस्ट गार्ड के बीच सहयोग बढ़ाना, प्रशिक्षण एवं विशेषज्ञता का आदान-प्रदान, सूचना साझा करने की व्यवस्था को मजबूत करना तथा क्षमता निर्माण प्रमुख रूप से शामिल रहे।

बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच परिचालन स्तर पर समन्वय और संपर्क बढ़ाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। हिंद महासागर में समुद्री सुरक्षा, निगरानी और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए भारत और मॉरीशस के बीच सहयोग को महत्वपूर्ण माना जाता है।

एडमिरल स्वामीनाथन ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री को आश्वस्त किया कि भारतीय नौसेना मॉरीशस पुलिस बल और नेशनल कोस्ट गार्ड की क्षमताओं के विकास में हरसंभव सहयोग और सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह यात्रा दोनों देशों के बीच मजबूत समुद्री साझेदारी को आगे बढ़ाने और हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...