@ सिद्धार्थ पाण्डेय चिड़िया माईंस (चाईबासा कार्यालय ) झारखंड :-
डीएवी पब्लिक स्कूल, चिड़िया में स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य अतिथियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि , चिड़िया माइंस के महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर सेल) रविरंजन ने विद्यालय के प्राचार्य डी. के. पाणिनि के अगुआई मे सेल पदाधिकारियों के साथ ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री रविरंजन ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उन्हें कड़ी मेहनत व अनुशासन के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों की भी सराहना की।समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डी. के. पाणिनि ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने अपने प्रेरणादायक भाषण में शिक्षा के महत्व और नैतिक मूल्यों पर जोर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
बच्चों ने देशभक्ति गीतों, भाषण,मनमोहक नृत्यों और नाटक के जरिए उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।कार्यक्रम का सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ शिक्षक आर के मिश्रा ने किया।
