@ भोपाल मध्यप्रदेश :-
विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) के निर्देशों के अनुपालन में तथा उपनिदेशक, मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी भोपाल रामजी वास्तव के मार्गदर्शन में पुलिस प्रशिक्षण शाला भोपाल में प्रशिक्षणरत महिला नव आरक्षकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु 19 एवं 20 सितंबर 2026 को दो दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन LBS Hospital, भोपाल के सहयोग से प्रशिक्षण शाला परिसर में किया गया।

पुलिस अधीक्षक यास्मीन जहरा की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में LBS Hospital भोपाल के नोडल अधिकारी हरविंदर सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वैशाली पाठक तथा जनरल फिजिशियन डॉ. हारून सिद्दीकी द्वारा प्रशिक्षुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रोफाइल सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर के प्रथम दिवस ऐसे प्रशिक्षणार्थियों को प्राथमिकता से स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिन्हित किया गया, जो लगातार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण प्रशिक्षण सुचारू रूप से प्राप्त नहीं कर पा रहे थे। प्रथम दिवस उपलब्ध 104 प्रशिक्षणार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा डॉ. वैशाली पाठक द्वारा आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर के द्वितीय दिवस 170 प्रशिक्षुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस प्रकार दो दिवस में कुल 274 महिला नव आरक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के साथ-साथ आवश्यक उपचार, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा स्वयं के उत्तम स्वास्थ्य को बनाए रखने के संबंध में आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
मध्यप्रदेश पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षणरत पुलिसकर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रशिक्षण की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि प्रशिक्षु स्वस्थ एवं बेहतर शारीरिक क्षमता के साथ अपने प्रशिक्षण को प्रभावी ढंग से पूर्ण कर सकें।
