@ लख़नऊ उत्तरप्रदेश :-
निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए चयनित 3,567 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवचयनित प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता (PGT) और सहायक अध्यापक (TGT) अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल निर्धारित पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करना नहीं है। शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नवचयनित शिक्षकों से विद्यार्थियों को हर प्रकार की नकारात्मकता से बचाने तथा उन्हें सकारात्मक सोच, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और चरित्र निर्माण की आधारशिला भी हैं। ऐसे में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें अपनी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों में नियुक्ति-पत्र मिलने को लेकर उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों, प्रवक्ताओं और सहायक अध्यापकों तथा उनके परिजनों को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त शिक्षक अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में योगदान देंगे।

