@ नई दिल्ली :-
सीमा सुरक्षा बल (BSF) की कांस्टेबल मनीषा कुमारी ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य के रूप में एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश और BSF का गौरव बढ़ाया है। जापान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

मनीषा कुमारी भारतीय टीम की नियमित खिलाड़ी हैं और उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने मजबूत ईरानी टीम के खिलाफ प्रभावी खेल दिखाते हुए खिताबी जीत हासिल की।
BSF के अनुसार, मनीषा कुमारी की इस उपलब्धि से बल के साथ-साथ देश का भी मान बढ़ा है। उनकी सफलता सुरक्षा बलों में कार्यरत खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। खेल और ड्यूटी के बीच संतुलन बनाते हुए मनीषा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मनीषा की उपलब्धि पर BSF महानिदेशक और पूरे प्रहरी परिवार ने उन्हें तथा भारतीय महिला कबड्डी टीम को हार्दिक बधाई दी। BSF ने टीम की शानदार उपलब्धि और देश के लिए गौरव हासिल करने पर खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की।
एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम की यह स्वर्णिम सफलता देश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मनीषा कुमारी के प्रदर्शन ने BSF के खेल प्रतिभाओं के योगदान को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है।



