@ नई दिल्ली :-
राजभाषा हिंदी के संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार में सीमा सुरक्षा बल (BSF) का योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहा है। इसी कड़ी में सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीण कुमार, की अध्यक्षता में आज “राजभाषा समारोह” का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महानिदेशक महोदय ने राजभाषा अपील का विमोचन किया तथा वर्ष भर हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीमान्त मुख्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों एवं निदेशालयों को राजभाषा शील्ड से सम्मानित किया।
• सीमान्त मुख्यालय श्रेणी में मेघालय, कश्मीर और राजस्थान क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।
• प्रशिक्षण संस्थानों में सीमा सुरक्षा बल केन्द्रीय आयुध एवं युद्ध कौशल विद्यालय इंदौर, अकादमी ग्वालियर तथा सहायक प्रशिक्षण केन्द्र हजारीबाग ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
• निदेशालयों की श्रेणी में प्रशासन, कार्मिक और चिकित्सा निदेशालय ने क्रमशः शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए।
साथ ही, हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कुल 29 कार्मिकों को महानिदेशक महोदय द्वारा नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में महानिदेशक प्रवीण कुमार ने कहा कि राजभाषा हिंदी हमारी एकता की पहचान है और सरकारी कार्यों में इसका अधिकाधिक प्रयोग करें, यह केवल हमारी राजभाषा का सम्मान ही नहीं है, बल्कि यह हमारी संवैधानिक जिम्मेदारी भी है।
जब हम सभी एकजुट होकर हिंदी का प्रयोग करेंगे, तभी यह हमारी कार्यप्रणाली का अभिन्न अंग बनेगी और राजभाषा हिंदी का समुचित विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विविध कार्यक्रमों की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी तथा सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं कार्मिकों का अपना अधिकाधिक कार्य हिंदी में करने के लिए प्रोत्साहित एवं प्रेरित किया।

