@ मुंबई महाराष्ट्र :-
अजय देवगन और तब्बू स्टारर बहुप्रतीक्षित सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में अजय देवगन और मीरा देशमुख के रूप में तब्बू आमने-सामने हैं। फिल्म की कहानी रहस्य, रोमांच और अप्रत्याशित मोड़ों से भरपूर है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखने की कोशिश करती है।

फिल्म की कहानी ‘दृश्यम 2’ के घटनाक्रम के आगे बढ़ती है। बेटे समीर को खोने के बाद पूर्व आईजी मीरा देशमुख मानसिक रूप से बुरी तरह टूट चुकी हैं। उनकी हालत लगातार बिगड़ती जाती है और वह खुद की जान लेने की कोशिश तक कर बैठती हैं। पत्नी की स्थिति देखकर महेश देशमुख केस को दोबारा खोलने की मांग करते हैं। इसके बाद कहानी में क्राइम ब्रांच के एसपी राजवीर सिंह तोमर के किरदार में जयदीप अहलावत की एंट्री होती है।
इस बार विजय सलगांवकर के सामने चुनौतियां पहले से कहीं ज्यादा बड़ी हैं। पुलिस के हाथ विजय के खिलाफ एक नया सबूत लगता है, वहीं केस में मशहूर वकील इंद्रजीत शेट्टी की एंट्री होती है, जिसका किरदार प्रकाश राज ने निभाया है। कहानी में एक नई तारीख भी अहम भूमिका निभाती है और सवाल उठता है कि आखिर 23 जुलाई को क्या हुआ था?
‘दृश्यम 3’ की खासियत यह है कि हिंदी संस्करण की कहानी को मूल मलयालम फ्रेंचाइजी से अलग अंदाज में पेश किया गया है। फिल्म में लगातार बदलते समीकरण और नए रहस्य दर्शकों को विजय की अगली चाल के बारे में सोचने पर मजबूर करते हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विजय एक बार फिर पुलिस को मात देने में कामयाब होगा या इस बार कानून का शिकंजा उस पर कस जाएगा। फिल्म की कहानी क्लाइमेक्स तक कई परतें खोलती है। रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के प्रदर्शन ने भी ध्यान खींचा है और पहले सोमवार को दर्शकों की प्रतिक्रिया से साफ है कि ‘दृश्यम 3’ का रोमांच अभी बरकरार है।
