आईटी शेयरों की तेजी से लगातार दूसरे दिन चढ़ा शेयर बाजार, सेंसेक्स 414 अंक मजबूत

@ नई दिल्ली :-

भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी, कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों और सकारात्मक प्रबंधन टिप्पणियों से बाजार को समर्थन मिला। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 413.66 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,729.27 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 148.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 23,146.15 पर पहुंच गया।

बाजार में तेजी का नेतृत्व आईटी क्षेत्र ने किया। निफ्टी आईटी इंडेक्स 3.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सूचकांक रहा। इसके अलावा सर्विसेज, मीडिया, मेटल, ऑटो, पीएसयू बैंक, इंफ्रास्ट्रक्चर, कंजम्पशन, मैन्युफैक्चरिंग, कमोडिटीज, डिफेंस और प्राइवेट बैंकिंग से जुड़े सूचकांकों में भी मजबूती दर्ज की गई।

हालांकि, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस, एफएमसीजी, रियल्टी, हेल्थकेयर, फार्मा, पीएसई और एनर्जी क्षेत्र के सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।

लार्जकैप शेयरों में तेजी के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों का प्रदर्शन कमजोर रहा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 67.50 अंक यानी 0.11 प्रतिशत गिरकर 59,129.75 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.90 अंक की मामूली गिरावट के साथ 19,129.80 पर रहा।

सेंसेक्स के प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, टीसीएस, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और एचसीएल टेक शामिल रहे। दूसरी ओर, इंडिगो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, बीईएल, एलएंडटी, आईटीसी और कोटक महिंद्रा बैंक समेत कई शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, आईटी कंपनियों के मजबूत नतीजों और आय को लेकर सकारात्मक उम्मीदों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये की मजबूती से भी बाजार की धारणा को समर्थन मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...