दशहरे पर आयोजित हुआ प्रथम उत्तरांचल कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2026, दिग्गज खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

@ नई दिल्ली :-

दशहरे के पावन पर्व पर माता पार्वती देवी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सेंट्रल सेक्रेट्रिएट स्पोर्ट्स ग्राउंड, विनय नगर, नई दिल्ली में प्रथम उत्तरांचल कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में 50 वर्ष से अधिक आयु के दिग्गज वेटरन फुटबॉल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में गढ़वाल हीरोज, मोहन बागान, ईस्ट बंगाल, शिमला यंग्स और जेसीटी फगवाड़ा जैसे प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लबों से जुड़े खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें कुछ ऐसे खिलाड़ी भी शामिल रहे, जो भारतीय राष्ट्रीय टीम की ओर से खेल चुके हैं। टूर्नामेंट का उद्देश्य वरिष्ठ खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना तथा फुटबॉल के प्रति जुनून, खेल भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना रहा।

इस आयोजन में माता पार्वती देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक महावीर सिंह राणा और अपने समय के फुटबॉलर एवं खेल पत्रकार राजेन्द्र सजवाण की प्रमुख भूमिका रही। उनके प्रयासों से पुराने फुटबॉल खिलाड़ियों को एक बार फिर मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल से जुड़ी पुरानी यादें ताजा करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में अपने समय के मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी गुमान सिंह रावत, कमल जल्दी, जीवानंद, वीरेंद्र मालकोटी और सरदार पुरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, गढ़वाल हितैषिणी सभा दिल्ली की टीम ने भी टूर्नामेंट में प्रतिभाग किया।

प्रथम उत्तरांचल कप ने खेल प्रेमियों को अनुभवी खिलाड़ियों के हुनर से रूबरू कराने के साथ ही फुटबॉल की पुरानी परंपरा और खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...