@ बहरोड़ राजस्थान :-
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एमपीआरटीसी बहरोड़ में 28 अक्टूबर 2026 को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली के ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में सीआईएसएफ के जवानों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 885 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

शिविर का उद्घाटन सीआईएसएफ एमपीआरटीसी बहरोड़ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. धनंजय नाइक सी ने किया। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर अन्य कार्मिकों एवं प्रशिक्षुओं को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डीआईजी/निदेशक (चिकित्सा) डॉ. शालिनी तिवारी तथा चिकित्सा सामाजिक कल्याण अधिकारी अंजू ए.एस. की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से इस जनकल्याणकारी पहल को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
विशेष अभियान 6 के अंतर्गत जनसंपर्क एवं जनकल्याण गतिविधियों की कड़ी में आयोजित यह शिविर सीआईएसएफ की सामाजिक जिम्मेदारी, सामुदायिक कल्याण और मानवीय सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
इसी क्रम में सीआईएसएफ एनएचसीसी अस्पताल, महिपालपुर में भी हाल ही में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें 500 सीआईएसएफ कार्मिकों ने भाग लिया।
इन पहलों के माध्यम से सीआईएसएफ ने “सुरक्षा के साथ सेवा” की भावना को साकार करते हुए समाज के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और निःस्वार्थ सेवा का संदेश दिया।

