@ नई दिल्ली :-
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने 20वें एशियाई खेलों 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और बल का गौरव बढ़ाने वाले अपने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रहरी परिवार ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार प्रदान किए और उनके समर्पण, अनुशासन तथा दृढ़ संकल्प को प्रेरणादायक बताया।

समारोह के दौरान तीरंदाजी की रिकर्व महिला स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली कीर्ति शर्मा और महिला कबड्डी में स्वर्ण पदक विजेता कांस्टेबल मनीषा को महानिदेशक के सम्मान रोल में शामिल किया गया। दोनों खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए पांच-पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं, सेपक टकरॉ की भारतीय पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले कांस्टेबल जसवीर को प्रतियोगिता में उनके योगदान और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 1.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
बीएसएफ ने खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की। बल ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ता, समर्पण और अनुशासन का परिणाम हैं। प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के निरंतर मार्गदर्शन तथा सहयोग ने युवा सीमा प्रहरियों को अपनी प्रतिभा निखारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रहरी परिवार ने इन उपलब्धियों को बल और राष्ट्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान समारोह बल के जवानों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बीएसएफ ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बल की प्रतिबद्धता, टीम भावना और उत्कृष्टता का प्रतीक बताया।

