दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल पहुंचे उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

@ नई दिल्ली :-

दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने किंग्सवे कैंप स्थित दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के शैक्षणिक वातावरण, आधारभूत ढांचे, उपलब्ध सुविधाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न पहलों का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था, जोन-1) एवं पीएफईडी के अध्यक्ष देवेश चंद्र श्रीवास्तव, विशेष पुलिस आयुक्त (आर्म्ड पुलिस) विजय सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त (आर्म्ड पुलिस) किमे कामिंग, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कल्याण) एवं पीएफईडी के महासचिव राजीव रंजन सहित दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल के प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से भी संवाद किया तथा शिक्षा, करियर चयन, अनुशासन, टीम भावना और तकनीक के जिम्मेदार उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अच्छी शिक्षा के साथ निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और जुनून के अनुसार करियर चुनने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखना चाहिए और निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी लगन एवं प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने अनुशासन और टीमवर्क को व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विद्यार्थियों को तकनीक का सकारात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया।

उपराज्यपाल का यह दौरा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा। उनके मार्गदर्शन से छात्रों को शिक्षा, करियर और जीवन में आगे बढ़ने के लिए नई दिशा और प्रोत्साहन मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...