भारतीय नौसेना के आईएनएस त्रिशूल ने मिस्र के सफागा बंदरगाह पर सफल प्रवास पूरा किया

@ नई दिल्ली :-

भारतीय नौसेना के पोत (आईएनएस) त्रिशूल ने अपनी जारी परिचालन तैनाती के तहत 9 नवंबर, 2026 को मिस्र के सफागा नौसैनिक अड्डे की यात्रा पूरी की।

अप्रैल 2026 में काहिरा में आयोजित भारत-मिस्र संयुक्त रक्षा समिति (जेडीसी) की 11वीं बैठक  की पृष्ठभूमि में, इस बंदरगाह यात्रा ने भारत व मिस्र के बीच बढ़ती रक्षा एवं समुद्री साझेदारी को और मजबूत किया है। इस बैठक ने सितंबर 2022 में हस्ताक्षरित रक्षा सहयोग समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत दोनों देशों की रक्षा प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ाने के लिए एक संस्थागत ढांचा प्रदान किया। इससे पहले, वर्ष 2023 में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया गया था।

इस यात्रा के दौरान, भारतीय नौसेना पोत त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर ने मिस्र के रेड सी नौसैनिक अड्डे के कमांडर रियर एडमिरल एमडी अब्द एल मकसूद से मुलाकात की। इस दौरान स्वेज की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा और लाल सागर के रणनीतिक महत्व से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा, पोत के चालक दल ने मिस्र के नौसैनिक पोत ईएनएस पोर्ट सईद (976) का भी दौरा किया। इस दौरान उन्हें पोत की परिचालन क्षमताओं और मिस्र की नौसेना द्वारा अपनाई जाने वाली सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के बारे में जानकारी दी गई।

इस यात्रा के दौरान भारतीय और मिस्र की नौसेनाओं के कर्मियों के बीच आपसी संवाद हुआ। इसके साथ ही, संयुक्त गोताखोरी प्रशिक्षण गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन पेशेवर मुलाकातों के माध्यम से दोनों देशों की नौसेनाओं को अपने परिचालन अनुभवों का आदान-प्रदान करने, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने और एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

इस बंदरगाह यात्रा ने भारत और मिस्र के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा संबंधों के साथ-साथ समुद्री सुरक्षा व क्षेत्रीय स्थिरता के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को भी दोहराया। भारतीय नौसेना पोत त्रिशूल निर्धारित कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अपनी परिचालन तैनाती के अगले चरण के लिए रवाना हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...