@ गुवाहाटी असम :-
पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन की दिशा में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में 15 नवंबर 2026 को एएसजी गुवाहाटी की ओर से ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर स्थित पलासबाड़ी के माजिर गांव में वेटिवर घास (खस घास) के पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया।

इस अभियान के तहत नदी तट के आसपास लगभग 5,000 वेटिवर घास के पौधे लगाए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मिट्टी और जल संरक्षण को बढ़ावा देना, नदी के किनारों को स्थिर बनाना तथा मिट्टी के कटाव की समस्या को कम करना है।
CISF की इस पहल में प्रकृति आधारित जैव-अभियांत्रिकी समाधानों को अपनाकर पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने पर विशेष जोर दिया गया। वेटिवर घास की मजबूत और गहरी जड़ें मिट्टी को बांधकर रखती हैं, जिससे ढलानों और नदी तटों की मिट्टी का बहाव कम करने में मदद मिलती है। इसके साथ ही यह नदी तटों के संरक्षण और जल संसाधनों की सुरक्षा में भी उपयोगी साबित हो सकती है।
इस अभियान के माध्यम से सीआईएसएफ ने पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने के साथ-साथ सतत विकास और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।
सीआईएसएफ की यह पहल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मृदा अपरदन की रोकथाम और पर्यावरण के अनुकूल उपायों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

