कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर का शीर्ष आतंकी लतीफ भट ढेर, सीआरपीएफ हमले में था वांछित

@ कुलगाम जम्मू और कश्मीर :-

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार को देवसर क्षेत्र के जांगलपोरा गांव में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। वह 11 नवंबर को CRPF की चौकी पर हुए हमले के मामले में वांछित था। मुठभेड़ स्थल से उसका शव और एक हथियार बरामद किया गया है। गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों की सराहना की ।

सीआरपीएफ के महानिदेशक जी. पी. सिंह ने इस अभियान के लिए सुरक्षाबलों की सराहना की। कश्मीर जोन पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुठभेड़ स्थल से मारे गए एक आतंकवादी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। संयुक्त अभियान में मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम के खरेवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।’’

अधिकारियों के मुताबिक, विशेष खुफिया सूचना मिलने के बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने बुधवार तड़के जांगलपोरा गांव में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान पता चला कि लतीफ भट ने एक मस्जिद में शरण ले रखी है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।

धार्मिक स्थल की मर्यादा को देखते हुए सुरक्षाबलों ने संयम बरता और आतंकवादी को आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाया। कुलगाम के एसएसपी इनायत अली चौधरी और सेना के कमांडिंग ऑफिसर ने वीडियो कॉल के जरिए भी उससे संपर्क किया। अधिकारियों ने उसे हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने की अपील की, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया।

एसएसपी के अनुसार, काफी देर तक समझाने के बावजूद जब आतंकवादी ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी, तो जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान लतीफ भट मारा गया।

पुलिस के मुताबिक, लतीफ भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। इससे पहले सोमवार को लारू बाईपास क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार भी मारा गया था, जबकि लतीफ भागने में सफल रहा था।

कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए मुठभेड़ में एक आतंकवादी के मारे जाने और हथियार बरामद होने की पुष्टि की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...