@ देहरादून उत्तराखंड :-
माया देवी विश्वविद्यालय, देहरादून के स्कूल ऑफ एजुकेशन द्वारा 18 नवंबर 2026 को विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में “भारतीय संविधान के अनुच्छेद 15 के अंतर्गत लैंगिक समानता एवं शैक्षणिक संस्थानों में जेंडर चैंपियंस का क्रियान्वयन” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार अंबिका जुयाल रहीं। कार्यक्रम में स्कूल ऑफ होटल मैनेजमैंट के डीन डॉ. रमेश जुयाल तथा IQAC डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) संजीव सेठ भी उपस्थित थे।
प्रथम तकनीकी सत्र में स्कूल ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य डॉ. सीता जुयाल ने मुख्य वक्ता के रूप में शैक्षणिक संस्थानों में जेंडर चैंपियंस के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि जेंडर चैंपियंस विद्यार्थियों में लैंगिक संवेदनशीलता विकसित करने तथा भेदभाव एवं रूढ़िवादी सोच को समाप्त करने में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक भावी पीढ़ी में समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
द्वितीय तकनीकी सत्र में स्कूल ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज के डीन प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार दीक्षित ने संवैधानिक एवं कानूनी दृष्टिकोण से भारतीय संविधान के अनुच्छेद 15 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अनुच्छेद 15 में निहित भेदभाव निषेध के प्रावधानों को स्पष्ट करते हुए अनुच्छेद 15 के महत्व, महिलाओं के अधिकारों एवं कानूनी संरक्षण पर प्रकाश डाला।

संगोष्ठी में बाहरी रिसोर्स पर्सन के रूप में डॉ. मोनिका शर्मा Google Meet के माध्यम से ऑनलाइन जुड़ीं और छात्र-छात्राओं के साथ इस विषय पर अपना व्याख्यान दिया।
संगोष्ठी के दौरान प्रतिभागियों ने लैंगिक समानता, महिला सशक्तीकरण, संवैधानिक अधिकारों, सुरक्षित शैक्षिक वातावरण तथा जेंडर चैंपियंस के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर सक्रिय सहभागिता की।
संगोष्ठी के आयोजक बी.एड. विभाग की फैकल्टी डॉ. कल्पना विश्नोई, डॉ. शबनम खान, डॉ. मुकेश सिंह नेगी एवं नम्रता सेमवाल थीं। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल ऑफ एजुकेशन द्वारा किया गया।
