छतरपुर पुलिस ने साइबर फ्रॉड की वारदात का 24 घंटे के भीतर किया खुलासा,आरोपी गिरफ्तार

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा साइबर धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छतरपुर जिले की थाना सिविल लाइन पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी की राशि में से 74 हजार 200 रुपए नगद जब्त किए हैं, जबकि 5 हजार 800 रुपए की राशि बैंक खाते में होल्ड कराई है।

19 नवंबर को थाना सिविल लाइन क्षेत्र के ग्राम बगौता निवासी फरियादी ने उनके बैंक खाते से धोखाधड़ीपूर्वक राशि ट्रांसफर किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता के तहत धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा द्वारा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी एवं धोखाधड़ी की राशि की बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम को निर्देशित किया गया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक ट्रांजैक्शन एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। विवेचना में सामने आया कि आरोपी ने फरियादी के एंड्रॉयड मोबाइल में यूपीआई एप्लीकेशन डाउनलोड कर एटीएम संबंधी जानकारी दर्ज कराई और धोखाधड़ीपूर्वक उनके बैंक खाते से राशि अपने खातों में ट्रांसफर कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फरियादी का परिचित था।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य प्राप्त जानकारियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। होल्ड कराई गई राशि को फ्रीज कराने के लिए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...