@ हैदराबाद तेलंगाना :-
हैदराबाद (तेलंगाना)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की महिला ब्रास बैंड ने 27वीं ऑल इंडिया पुलिस बैंड प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन हैदराबाद, तेलंगाना में किया गया, जिसमें CISF की महिला बैंड ने अपनी उत्कृष्ट संगीत प्रतिभा और अनुशासित प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता में CISF महिला ब्रास बैंड ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही महिला वर्ग में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव भी प्राप्त किया। बैंड की इस उपलब्धि में एक और महत्वपूर्ण सम्मान जुड़ा, जब CISF महिला बैंड के बैंड मास्टर को सर्वश्रेष्ठ कंडक्टर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने विजेताओं को सम्मानित किया और उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए ट्रॉफियां प्रदान कीं।
CISF के महानिदेशक ने इस शानदार सफलता पर पूरी टीम, प्रतिभागियों और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को बल के उच्च मानकों, सामूहिक प्रयास, अनुशासन और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
लगातार दूसरी बार मिली यह जीत CISF के लिए गर्व का विषय है। महिला बैंड की इस उपलब्धि ने न केवल बल का गौरव बढ़ाया है, बल्कि अन्य महिला कर्मियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश दिया है।

