@ तिरूवनंतपुरम केरलम :-
45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में केरल सरकार के पवेलियन को दर्शकों और खरीदारों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इसी क्रम में केरल के स्पेशल रिप्रेजेंटेटिव जी. देवराजन ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित मेले में केरल गवर्नमेंट पवेलियन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और केरल के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प तथा सांस्कृतिक विरासत की जानकारी ली।

पवेलियन पहुंचने पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) की अतिरिक्त निदेशक के.पी. सरिता, उप निदेशक सी.एफ. दिलीप कुमार, सूचना अधिकारी श्रीकांत एम. गिरिनाथ, पी.आर. साबू, प्रतीश डी. मणि सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
दौरे के दौरान जी. देवराजन ने पवेलियन की सजावट और विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तुत उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आयोजकों ने केरल के विशिष्ट उत्पादों और समृद्ध परंपराओं को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया है।
उन्होंने विशेष रूप से केरल के उत्पादों की खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार खरीदारों की संख्या पहले की तुलना में काफी अधिक दिखाई दे रही है। यह केरल के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने पवेलियन में प्रदर्शित उत्पादों और प्रस्तुतियों को राज्य की पहचान तथा स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देने का अच्छा माध्यम बताया। इससे पहले पूर्व मंत्री रोशी ऑगस्टीन ने भी सुबह केरल पवेलियन का दौरा किया और वहां की गतिविधियों का जायजा लिया।

