भारत की राष्‍ट्रपति होम्योपैथी पर आयोजित राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में शामिल हुईं

@ भुवनेश्वर ओडिशा :-

ओडिशा के भुवनेश्वर में भारत की राष्ट्रपति, द्रौपदी मुर्मु 25 नवंबर 2026 को होम्योपैथी पर आयोजित राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में शामिल हुईं।इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि होम्योपैथी भारत की विविधतापूर्ण स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग है। समय बीतने के साथ-साथ, देश में इसका व्यापक संस्थागत विस्तार हुआ है और शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सेवा केंद्रों तथा जनस्वास्थ्य नेटवर्क के माध्यम से यह लोगों को सुलभ हुई है।

राष्ट्रपति ने इस बात पर बल दिया कि होम्योपैथी की भावी विश्वसनीयता और अकादमिक प्रतिष्ठा काफी हद तक इसके अनुसंधान की वैज्ञानिक प्रामाणिकता और उससे प्राप्त होने वाले नैदानिक साक्ष्यों की गुणवत्ता पर निर्भर करेगी। उन्होंने अनुसंधान संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और व्यावसायिक संगठनों से अनुसंधान की सुदृढ़ संस्कृति विकसित करने के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि होम्योपैथी पर राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन सार्थक अकादमिक संवाद, संस्थागत साझेदारी और भविष्य के लिए साझा दृष्टिकोण विकसित करने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, विशेष रूप से युवा शोधकर्ताओं और पेशेवरों को इस बात की सलाह दी कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं।

राष्ट्रपति ने कहा कि होम्योपैथी के विकास के साथ-साथ वैज्ञानिक अनुसंधान, शैक्षणिक उत्कृष्टता और पेशेवर जवाबदेही के प्रति अटूट प्रतिबद्धता भी होनी चाहिए। अनुसंधान कार्य उचित कार्यपद्धति, समुचित रूप से तैयार किए गए नैदानिक अध्ययनों, सुव्यवस्थित दस्तावेजीकरण और पारदर्शी रिपोर्टिंग पर आधारित होने चाहिए। उन्होंने बहुकेंद्रित अध्ययनों, व्यवस्थित समीक्षाओं, साक्ष्यों के विश्‍लेषण एवं मौलिक अनुसंधान तथा विश्वसनीय नैदानिक डेटाबेस के विकास को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान की सीमाओं को स्वीकार करने, प्रतिकूल निष्कर्षों को भी सामने रखने और निष्कर्षों को वैज्ञानिक साक्ष्यों के अनुरूप निर्धारित करने के लिए बौद्धिक ईमानदारी का होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रपति ने कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल शैक्षणिक योग्यताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए बौद्धिक अनुशासन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, ईमानदारी, समानुभूति और जीवन भर सीखते रहने की प्रतिबद्धता भी आवश्यक है। उन्होंने होम्योपैथी के युवा चिकित्सकों से प्रश्न करने की प्रवृत्ति विकसित करने और निरंतर सीखते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उनमें जांच-पड़ताल करने का साहस, साक्ष्य तलाशने का धैर्य और नए ज्ञान को स्वीकार करने की विनम्रता होनी चाहिए। उन्हें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि प्रत्येक रोगी के पीछे एक मनुष्य है, जिसकी अपनी आशाएं, आशंकाएं और गरिमा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि जैसे-जैसे भारत ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा इसके दो सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ बने रहेंगे। हमारे संस्थानों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों को सुलभ, न्यायपूर्ण, वैज्ञानिक दृष्टि से उत्तरदायी और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा प्रणाली बनाने की दिशा में योगदान करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन वैज्ञानिक संवाद को प्रोत्साहित करेगा, संस्थागत साझेदारियों को बढ़ावा देगा और सक्षम, नैतिक तथा सामाजिक रूप से उत्तरदायी स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की एक नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...