केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने हरिद्वार में ‘नव्या 2.0′ का शुभारंभ किया

@ देहरादून उत्तराखंड :-

महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने संयुक्त रूप से हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थान से ‘नव्या 2.0’( ‘NAVYA 2.0’) की शुरुआत की। ‘NAVYA’ (युवा महिलाओं और किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से उनकी आकांक्षाओं को पोषित करना) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है।

‘नव्या 2.0′ के अंतर्गत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा। इसके अंतर्गत पात्रता आयु सीमा को 16–18 वर्ष से बढ़ाकर 16–25 वर्ष कर दिया गया है। इसमें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप, उभरते हुए और गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसर खुलेंगे। जिला स्तर पर इसके कार्यान्वयन के लिए एक समान ‘मानक संचालन प्रक्रिया’ का पालन किया जाएगा। वहीं, ‘स्किल इंडिया डिजिटल हब’ उम्मीदवारों को नामांकन से लेकर प्रमाणन तक सहायता प्रदान करेगा और उनके प्रशिक्षण की प्रगति पर नजर रखेगा।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा, “माँ गंगा का निरंतर प्रवाह हमें आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देता है। हरिद्वार में, ‘नव्या 2.0′ के माध्यम से इसी भावना को साकार किया जा रहा है। महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने (‘विकसित भारत 2047′) का सपना अधूरा रहेगा। उन्हें केवल विकास का लाभार्थी ही नहीं, बल्कि विकास का नेतृत्व करने वाला बनना चाहिए। हमारे गाँवों से लेकर अंतरिक्ष तक, हमारी बेटियों ने साबित कर दिया है कि अवसर मिलने पर वे आगे बढ़ती हैं। सरकार कई योजनाओं के माध्यम से लड़कियों के जीवन के हर पड़ाव पर उनका समर्थन कर रही है, और नव्या 2.0’ इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाता है। यहाँ ‘मोबिलाइज़ेशन’ (लोगों को जोड़ना) का मतलब सिर्फ ट्रेनिंग बैच भरना नहीं है; बल्कि यह नामांकन से लेकर आजीविका तक, हर लड़की और उसके परिवार के साथ लगातार जुड़े रहने की प्रक्रिया है। राज्य नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में इसे लागू किया जा रहा है और सिद्ध (‘SIDH’) पोर्टल के ज़रिए हर लड़की की प्रगति पर नज़र रखी जा रही है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि ट्रेनिंग पाने वाली हर लड़की को सार्थक रोज़गार मिल सके।”

‘नव्या 2.0′ नए जमाने की और गैर-पारंपरिक नौकरियों के लिए प्रशिक्षण के दायरे को बढ़ाएगा। यह अपने प्रयोगिक चरण की सफलता को आगे बढ़ाएगा। प्रायोगिक चरण में किशोरियों को ‘ड्रोन निर्माण और असेंबली तकनीशियन’ तथा ‘सोलर PV इंस्टॉलेशन हेल्पर’ जैसी भूमिकाओं के लिए प्रशिक्षित किया गया था। उभरते क्षेत्रों के लिए युवतियों को कौशल प्रदान करके और उनके लिए रोजगार, अप्रेंटिसशिप तथा उद्यमिता के रास्ते खोलकर, यह पहल कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और ‘विकसित भारत 2047’ के लिए ‘महिला-नेतृत्व वाले विकास’ के विजन को आगे बढ़ाने का प्रयास करती है।

इस कार्यक्रम के दौरान, उत्तराखंड में ‘प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान’ (पीएम- जनमन) के अंतर्गत 477 ‘सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों’ और पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का भी उद्घाटन किया गया। इसके अलावा, ‘प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना’ (पीएमकेवीवाई) 4.0 के अंतर्गत प्रशिक्षित 10 उम्मीदवारों को सम्मानित भी किया गया।

इस कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य; उत्तराखंड सरकार के पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, तथा पुनर्गठन एवं जनगणना मंत्री मदन कौशिक; उत्तराखंड से लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत; एमएसडीई की सचिव देबा मुखर्जी; कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक; एमएसडीई की संयुक्त सचिव सु हेना उस्मान; एमएसडीई के संयुक्त सचिव अजीत कुमार; तथा एमएसडीई और एमडब्ल्यूसीडी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

‘नव्या’ का अगला चरण प्रशिक्षण के बाद के अवसरों पर जोर देता है—जैसे कि नौकरी में नए कौशल का उपयोग करना, अप्रेंटिसशिप के जरिए अनुभव प्राप्त करना, या अपना खुद का उद्यम शुरू करना। किशोरियों और युवतियों के लिए इन रास्तों को और अधिक सुलभ बनाकर, ‘नव्या’ 2.0′ का उद्देश्य उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनने में मदद करना और अधिक से अधिक महिलाओं को ‘विकसित भारत 2047’ में योगदान देने के लिए सक्षम बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...