मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की माता के निधन पर कैप अध्यक्ष गणेश कुमार राय ने जताया शोक

@ सिंगलिंग (सोरेंग) सिक्किम :-

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) की माता स्वर्गीय धन माया तमांग के निधन पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। इसी क्रम में सिटिजन एक्शन पार्टी (कैप)-सिक्किम के अध्यक्ष गणेश कुमार राय ने रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ सिंगलिंग, सोरेंग पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

गणेश कुमार राय के साथ पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, प्रवक्ता और महासचिव भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से मुलाकात कर उनकी माता के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की। पार्टी नेताओं ने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत धन माया तमांग की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के साथ शोक में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर माहौल बेहद भावुक और गंभीर रहा। पार्टी अध्यक्ष गणेश कुमार राय ने कहा कि मां को खोने का दुख असहनीय और अपूरणीय होता है। इस व्यक्तिगत क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।

उन्होंने मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें इस दुखद घड़ी का सामना करने के लिए शक्ति, साहस और धैर्य प्रदान करें।

सिटिजन एक्शन पार्टी-सिक्किम की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि पार्टी इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री और उनके परिवार के साथ खड़ी है। पार्टी ने दिवंगत धन माया तमांग के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की चिरशांति के लिए प्रार्थना की।

पार्टी ने कहा कि यह केवल मुख्यमंत्री के परिवार की व्यक्तिगत क्षति नहीं, बल्कि पूरे सिक्किम के लिए दुख की घड़ी है। इस कठिन समय में पार्टी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी एकजुटता और संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...