@ गांधीनगर गुजरात
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को गांधीनगर के निकट कोबा स्थित महावीर जैन आराधना केंद्र में चातुर्मास के लिए पधारे राष्ट्र संत जैनाचार्य पद्मसागर सूरीश्वर महाराज साहब के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

उल्लेखनीय है कि कोबा में महावीर जैन आराधना केंद्र जैनाचार्य पद्मसागर सूरीश्वर म.सा. की प्रेरणा और मार्गदर्शन में कार्यरत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने इस जैन तीर्थ क्षेत्र में जैनाचार्य पद्मसागर सूरीश्वर के चातुर्मास प्रवेश से पूर्व उनके व्याख्यान का जैन मतावलंबी श्रावक-श्राविकाओं के साथ बैठकर श्रवण भी किया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस अवसर पर कहा कि मानव मात्र का अंतिम लक्ष्य तो प्रभु प्राप्ति का ही होता है।उन्होंने यह भी कहा कि इसका मार्ग संत शक्ति के आशीर्वाद और उनके व्याख्यान श्रवण से और अधिक आसान हो जाता है।
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद मयंक नायक, गांधीनगर की महापौर मीराबेन पटेल सहित कई जैनाचार्य, संतवर्य और बड़ी संख्या में श्रावक उपस्थित रहे।
