धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं समाज को देती हैं नई दिशा : नायब सिंह सैनी

@ करनाल हरियाणा

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं समाज को नई राह दिखाती हैं। इतना ही नहीं लोगों को अच्छी शिक्षा व संस्कार और सही रास्ता दिखाकर उनके जीवन में बदलाव लाने का कार्य कर रही हैं व सामाजिक बुराइयों को दूर करने तथा लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाती हैं। इन संस्थाओं में ब्रह्म कुमारी संस्था भी एक है।

मुख्यमंत्री धन्यवादी दौरे के दौरान सैक्टर 9, करनाल स्थित ब्रह्म कुमारी में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं अंधकार में डूबे लोगों के जीवन में प्रकाश लाने का काम करती हैं। सामाजिक संस्थाएं समाज में फैली बुराइयों को खत्म करना अपना ध्येय समझती हैं। ब्रह्म कुमारी संस्था भी न केवल लोगों में जागरूकता ला रही है, बल्कि सामाजिक बुराइयों को खत्म करने में अहम भूमिका निभा रही है।

इतना ही नहीं यह संस्था किसानों को जैविक खेती करने तथा फसलों में कम से कम रासायनिक दवाइयों का प्रयोग करने के प्रति भी जागरूक करती है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों में आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में वन विभाग ने धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर करीब 20 हजार पौधे ऑक्सीवन पार्क में लगाने का कार्य किया और इस कार्य में ब्रह्म कुमारी संस्था ने भी बढ़-चढ़ कर सहयोग दिया है। मुख्यमंत्री ने ब्रह्म कुमारी आश्रम के लिए 11 लाख रूपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में अबकी बार तापमान 50 डिग्री पर पंहुच गया था जो कि एक रेड सिग्नल है, जिससे सचेत होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दूषित होने के कारण आज ऋतुओं के समय में भी बदलाव हो रहा है और निरंतर भूजल भी घटता जा रहा है। घटते भूजल को लेकर हमें आने वाली पीढ़ी के बारे में चिंता करनी होगी।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारत देश को विकसित देश बनाने का जो संकल्प लिया है उस संकल्प को पूरा करने के लिए देश की जनता ने लोकसभा के चुनाव में एक-एक वोट कमल के फूल पर दिया है, जिसकी बदौलत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रयास है कि 21वीं सदी में भारत देश दुनिया का सिरमौर बने।

ब्रह्म कुमारी आश्रम की प्रभारी निर्मल दीदी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि सौम्य स्वभाव के व्यक्तित्व के धनी श्री नायब सिंह सैनी आज प्रदेश की जनता के दिलो-दिमाग पर छा गए हैं जिनकी सहनशीलता, कर्मठता और ईमानदारी से जनता की सेवा करने की चर्चाएं हर गली-मोहल्ले में हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम में मुख्यमंत्री के आगमन से श्रद्धापूर्ण एक ऊर्जा का संचार हुआ। इस मौके पर घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण, उपायुक्त उत्तम सिंह, पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा, जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा, ओएसडी संजय बठला, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...