@ चंडीगढ़ पंजाब
पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने जापान की यात्रा से अनूठी यादें और अनोखे अनुभव लेकर लौटे पंजाब के सात विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। श्री संधवान ने कहा कि यह बहुत गर्व और संतोष की बात है कि पंजाब के इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की सांस्कृतिक योजना के तहत जापान का दौरा किया है।

उन्होंने कहा कि ये सभी विद्यार्थी सरकारी स्कूलों से हैं और इन्होंने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों को एक सप्ताह की यात्रा के दौरान जापान की संस्कृति, विज्ञान और तर्क को समझने का अवसर मिला है।
संधवान ने आज पंजाब विधानसभा सचिवालय में हरमनदीप कौर (मानसा), जसमीत कौर (संगरूर), संजना कुमारी (पटियाला), सपना और दीपिका (बठिंडा), गुरविंदर कौर (फिरोजपुर) और ख्वाइश (जालंधर) को विशेष रूप से सम्मानित किया। स्पीकर ने इन विद्यार्थियों से उनकी जापान यात्रा के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों को विधानसभा भवन भी दिखाया तथा विधानसभा में विधायी कार्यों के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर इन विद्यार्थियों को बधाई देते हुए स्पीकर ने उम्मीद जताई कि ये विद्यार्थी अन्य विद्यार्थियों के लिए आदर्श बनेंगे तथा उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर उनके माता-पिता तथा अध्यापकों के नाम भी उजागर किए गए।
इस अवसर पर विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, विधायक जसविंदर सिंह, विधायक संदीप जाखड़ तथा विधायक बरिंदर गोयल के अलावा विद्यार्थियों के माता-पिता तथा अध्यापक भी मौजूद थे।
