मेघाहातुबुरु भाजपा कार्यालय में भाजपा सारंडा मंडल स्तरीय समन्वय समिति की बैठक

@ सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम ) झारखंड

भाजपा सारंडा मंडल स्तरीय समन्वय समिति की बैठक पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा़, पूर्व सांसद गीता कोडा़ ने मंडल तथा जिला के पदाधिकारियों की मौजूदगी में मेघाहातुबुरु भाजपा कार्यालय में सम्पन्न हुई।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा़ ने कहा कि आदमी को जीना है तो रोटी, पानी अर्थात खाना चाहिये। झारखण्ड व सारंडा में बेरोजगारी गंभीर समस्या है। झामुमो ने बीते विधानसभा चुनाव में गांव -गांव जाकर बेरोजगारों को रोजगार देने अन्यथा हर माह 5-7 हजार रूपये बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी। अब वहीं युवा इस सरकार को सबक सिखायेंगे। बेरोजगारी की वजह से यहाँ के युवा परिवार को छोड़ इस सरकार के कार्यकाल में सबसे ज्यादा पलायन किये हैं। हम मुख्यमंत्री रहते एक खदान को भी बंद रहने नहीं दिया, चाहे खदानों के पास पूरा कागजात रहता था या नहीं।

हमारा उद्देश्य यह था कि खदान बंद होने से कोई बेरोजगार न हो। यह सरकार यहाँ की कुछ चल रही खदानों को भी बंद कर दिया। जबकि सारे बंद खदानों को खोल बेरोजगारों को रोजगार देने का काम करना चाहिए था। युवा नौकरी हेतु परीक्षा देते हैं लेकिन परीक्षा रद्द कर दिया जाता है। न्यायालय ने खदान खोलने का आदेश दिया है, फिर भी खदान झामुमों सरकार नहीं खोल रही है। झामुमो अगर भूमि पुत्रों की पार्टी है,तो यहाँ के भूमिपुत्रों को नौकरी क्यों नहीं देती। अबुआ आवास, मईयां सम्मान योजना आदि सभी गरीबों को छलने वाली है, क्योंकि आवेदन लेकर भी लोगों को अबुआ आवास योजना का लाभ नहीं मिला। चुल्हा योजना के नाम पर दो हजार रूपये महिलाओं को देने की बात हुई थी लेकिन कुछ नहीं किया। केन्द्र सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। हमें जन जन तक जाकर लोगों को केन्द्र सरकार की जनधन, आयुष्मान, जीवन बीमा, शौचालय, रसोई गैस, किसान सम्मान, हर घर नल आदि तमाम योजनाओं की जानकारी देना है।

झामुमो सरकार सिर्फ योजनाओं की घोषणा कर वनाधिकार पट्टा आदि का आवेदन लेती है लेकिन लाभ कभी नहीं देती है। बेरोजगारों को रोजगार हेतु सरकार की खोखली घोषणा के खिलाफ घंटी बजाओ, सरकार जगाओं , बंद खदान को खोलने, वनाधिकार पट्टा दिलाने का बडा़ आंदोलन छेडा़ जायेगा। 17 अगस्त को जगन्नाथपुर में आंदोलन होगा। इसमें सभी का सहयोग चाहिये। वृद्धों व जरूरतमंदों को यह सरकार पेंशन एवं सरकारी राशन नियमित नहीं दे रही है और नया पेंशन योजना चालू कर रही है।

पूर्व सांसद गीता कोडा़ ने कहा कि लोक सभा चुनाव में हमारे कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत व संघर्ष किया लेकिन हमें सफलता नहीं मिली। लेकिन मेहनत कभी बेकार नहीं जाता, इस संघर्ष को और धारदार बनाना होगा। कार्यकर्ताओं के त्याग व समर्पण से संगठन चलता है। सारे कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी जी की सेना है। झारखण्ड अलग राज्य भाजपा ने बनाया है, इसलिये सपनों का झारखण्ड बनाने की जिम्मेदारी हमारी सबसे अधिक है। झामुमो सरकार महिलाओं पर भारी अत्याचार कर रही है। इसके खिलाफ आंदोलन चल रहा है। 13 अगस्त को जिला में महिलाओं के साथ प्रदर्शन करना है। 23 अगस्त को राँची में भाजपा के लाखों पुरुष कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। किरीबुरु नियोजन कार्यालय में 7 हजार से अधिक युवाओं ने रोजगार हेतु आवेदन दिया है। लेकिन रोजगार नहीं मिल रहा है। 2019 की चुनाव में हेमंत सोरेन ने कहा था कि 5 लाख युवाओं को रोजगार देंगे, नहीं तो बेरोजगारी भत्ता देंगे। आज वहीं युवाओं पर सरकार लाठियां वर्षा रही है। झारखंडी लोगों के लिये इस सरकार में थोड़ा भी दर्द नहीं है।

सारंडा में एक समय 40 खदानें चलती थी लेकिन अभी 5-6 खदान चल रही है। इन बंद खदानें खुलवाने हेतु मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया था लेकिन वह कुछ नहीं किये। खदान खुलवाने हेतु जन जागरण अभियान चलाया जायेगा। सारंडा के लोग वनपट्टा हेतु ग्राम सभा कर आवेदन दिया था लेकिन एक को भी पट्टा यह सरकार नहीं दिया। इसके खिलाफ भी बडा़ आंदोलन ग्रामीणों के साथ छेडे़ंगे। यह सरकार झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करके वोट हासिल कर रही है और गुमराह कर रही है। इसका पोल घर घर जाकर खोला जायेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष बिपीन पूर्ति ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार जनता के विश्वास पर खरा नहीं उतर रही है। झारखण्ड में विकास ठप हो गया है।

हम भाजपा कार्यकर्ताओं को पुरानी गलतियों को ठीक कर अभी से हीं विधान सभा चुनाव की तैयारी हेतु जनता की समस्याओं को दूर करने के कार्य में लग जाना होगा। एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष शंभू हाजरा ने कहा कि मइयां सम्मान योजना सिर्फ महिलाओं को गुमराह करने वाली झामुमो सरकार की घोषणा है। संविधान बदलने, आरक्षण खत्म करने, वनाधिकार का पट्टा देने आदि की बात से जनता को गुमराह कर लोकसभा की यह सीट झामुमो जीती। जनता अगले चुनाव में सबक सिखायेगी। एसटी मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मंगल गिलुवा ने कहा कि कोडा़ दम्पत्ति के आने से भाजपा मजबूत हुई है। झामुमो की सरकार में गरीबों को सही समय पर न राशन मिल पा रहा है और न हीं कोई विकास कार्य हो रहा है। जन्म, मृत्यु, जाती प्रमाण पत्र तक नहीं बन पा रहा है। सभी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा़, पूर्व सांसद गीता कोडा़, मंगल सिंह गिलुवा, शंभू हाजरा, बिपिन पूर्ति, जिला सदस्य अजीत सिंह, संजीव राय, सारंडा मंडल अध्यक्ष कैलाश दास, मधुसुदन तुबीड, एससी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बीरु करुवा, राजा तिर्की, सुनीता सिंह, अरविन्द सिंह, अरविन्द लाल, श्याम गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, प्रफुल्ल मंडल, आशना बिरुवा, जान्हवी प्रधान, गीता पान, रितेश प्रसाद, शिव कुमार गुप्ता, धर्मेन्द्र झा, गोपी लागुरी, मतवा दास आदि सैकड़ों मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...