@ पणजी गोवा :-
गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के अंतर्गत वेव्स फिल्म बाजार (WAVES Film Bazaar) में हरियाणा अपनी फिल्म नीति, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आकर्षक शूटिंग लोकेशन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर रहा है। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, सुविधाओं और निवेश के अवसरों को सामने रखा है।

हरियाणा पवेलियन के माध्यम से प्रदेश की फिल्म नीति और फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, हरियाणा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता को भी प्रदर्शित किया जा रहा है, जो फिल्म निर्माताओं के लिए शूटिंग के लिहाज से महत्वपूर्ण आकर्षण का केंद्र बन सकती है।
इस अवसर पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने हरियाणा पवेलियन का दौरा किया। उन्होंने प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। उनका दौरा हरियाणा के फिल्म क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हरियाणा पवेलियन में प्रदेश की ओर से फिल्म निर्माताओं को राज्य की फिल्म नीति, शूटिंग के लिए उपलब्ध विभिन्न स्थानों और सांस्कृतिक विशेषताओं से अवगत कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य हरियाणा को फिल्म निर्माण के एक बेहतर केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को प्रदेश में शूटिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए आकर्षित करना है।
इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म आयोजन में हरियाणा की ओर से प्रतिनिधि के रूप में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के एडिशनल डायरेक्टर मनीष लोहान, जॉइंट डायरेक्टर नीरज कुमार और एपीआरओ विकास मोर उपस्थित रहे।
वेव्स फिल्म बाजार में हरियाणा की भागीदारी से प्रदेश की फिल्म नीति, सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक मंच मिल रहा है। इससे फिल्म निर्माताओं और प्रदेश के बीच सहयोग के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
