@ रांची झारखंड :
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज भवन के अशोक उद्यान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड विधानसभा के निर्वाचित सदस्य स्टीफन मरांडी को झारखंड विधानसभा का अध्यक्ष निर्वाचित होने तक के लिए प्रोटेम स्पीकर एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की नई सरकार में शामिल राधाकृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, रामदास सोरेन, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार एवं शिल्पी नेहा तिर्की को झारखंड राज्य के मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी एवं सभी नव नियुक्त मंत्रीगणों को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कई सांसद, विधायक, वरीय अधिकारी एवं गणमान्य तथा नवनियुक्त मंत्री गणों के परिजन मौजूद थे। विदित हो कि हेमन्त सोरेन ने 28 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके उपरांत उन्होंने अपने मंत्रिपरिषद का गठन किया, जिसमें 11 मंत्री शामिल किए गए हैं।