@ नई दिल्ली :-
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा बलों से पारंपरिक और उभरते खतरों के मद्देनजर परिचालन तत्परता बनाए रखने के लिए ‘चौंकाने वाली कार्यशैली’ के आक्रामक और रक्षात्मक दोनों पहलुओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि तीव्र तकनीकी प्रगति और आधुनिक युद्ध की बदलती कार्यशैली को देखते हुए रक्षा बलों को अपनी क्षमताओं को लगातार मजबूत करना होगा।

12 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में वायु सेना कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने खुफिया एवं निगरानी क्षमताओं को लगातार सुदृढ़ करने, विभिन्न प्रणालियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा संभावित खतरों के सामने आने से पहले ही उनकी पहचान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
रक्षा मंत्री ने कहा, “हमारे रक्षा बलों को ऐसी क्षमताएं और कार्यप्रणालियां विकसित करनी होंगी जो दुश्मन को प्रतिक्रिया देने या संभलने का समय ही न दे। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि हम दुश्मन की किसी अप्रत्याशित कार्रवाई से कभी अचंभित न हों। चौंकाने वाला तत्व पारंपरिक और इलेक्ट्रॉनिक, दोनों प्रकार से सामने आ सकता है। हमारी खुफिया एवं निगरानी प्रणालियों को और अधिक मजबूत करने तथा परिचालन तैयारियों को बेहतर बनाने की आवश्यकता है। इसका उद्देश्य हमारे जवानों को सतर्क, चुस्त और किसी भी उभरती चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम बनाना है।”
राजनाथ सिंह ने कहा कि समकालीन संघर्ष पारंपरिक युद्धक्षेत्रों से आगे बढ़कर गैर-संपर्क वाले क्षेत्रों तक विस्तारित हो रहे हैं। इसमें मिसाइलें, ड्रोन और उन्नत हथियार प्रणालियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियां आधुनिक युद्ध के महत्वपूर्ण घटक बनकर उभरी हैं। उन्होंने कमांडरों से कामिकेज़ ड्रोन, निगरानी तथा ड्रोन-रोधी अभियानों जैसी उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
रक्षा मंत्री ने भारतीय वायु सेना से इलेक्ट्रॉनिक, साइबर और अंतरिक्ष सहित युद्ध के उभरते क्षेत्रों के लिए समर्पित सिद्धांत एवं ढांचा विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बेहतर तैयारी भविष्य की चुनौतियों से निपटने की क्षमता को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा, “भविष्य के संघर्षों में विजय केवल विमानों की संख्या पर ही नहीं, बल्कि तकनीकी सुधार, त्वरित प्रतिक्रिया और सटीक तैयारियों पर भी निर्भर करेगी।” उन्होंने कमांडरों से इन उभरती चुनौतियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा संस्थागत सोच, योजना निर्माण और परिचालन प्रक्रियाओं में इन्हें समाहित करने पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा बल व्यापक परिवर्तन के दौर से गुजर रहे हैं। इस दौरान संगठनात्मक ढांचे, संयुक्तता एवं एकीकरण तथा परिचालन अवधारणाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दृष्टिकोण अपनाने से पहले बदलते सुरक्षा परिदृश्य के मद्देनजर सैन्य तैयारियों में निरंतर बदलाव और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखना आवश्यक है।
रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद भारतीय वायु सेना द्वारा अपने सिद्धांतों एवं परिचालन कार्यप्रणालियों के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने वायु योद्धाओं द्वारा सौंपे गए कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने में प्रदर्शित व्यावसायिक दक्षता, संयम और विवेक की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस अभियान से प्राप्त सबक भारतीय वायु सेना की विकसित होती परिचालन प्रक्रियाओं में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहे हैं। विशेष रूप से ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियों को प्राथमिकता दिया जाना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों से प्राप्त सीख रक्षा बलों में जारी व्यापक परिवर्तन की गति और दिशा निर्धारित कर रही है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीनों सेनाओं के बीच प्रभावी ढंग से प्रदर्शित समन्वित एवं एक-दूसरे की पूरक भूमिका का उल्लेख करते हुए राजनाथ सिंह ने रक्षा बलों को उनके बीच बेहतर तालमेल और एकीकरण के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि संयुक्तता और एकीकृत प्रयास सैन्य योजना निर्माण तथा परिचालन क्रियान्वयन का मार्गदर्शन करते रहने चाहिए।
तेजी से हो रही तकनीकी प्रगति के अनुरूप अपने कर्मियों के कौशल और क्षमताओं को बढ़ाने के लिए भारतीय वायु सेना की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री ने कमांडरों से वायु योद्धाओं को उभरती प्रौद्योगिकियों का प्रशिक्षण देने के प्रयास जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने युवा रंगरूटों के तकनीकी ज्ञान और विशेषज्ञता का लाभ उठाने के महत्व पर बल देते हुए कहा कि उनकी क्षमताएं बेहतर निर्णय लेने और संगठनात्मक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
अग्निवीरों के लिए ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ (सेवा का दूसरा कार्यकाल) के सम्बंध में राजनाथ सिंह ने कहा कि यह निर्णय रक्षा बलों से प्राप्त सुझावों के आधार पर लिया गया है। उन्होंने दोहराया कि सरकार नीतिगत निर्णयों में तीनों सेनाओं के सुझावों को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ पहल से तीनों सेनाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी।
इस सम्मेलन के अंतर्गत रक्षा मंत्री ने भारतीय वायु सेना की यूनिट फॉर डिजिटाइजेशन, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एप्लीकेशन नेटवर्किंग (उड़ान) के एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा आंतरिक रूप से विकसित एआई अनुप्रयोगों के एक समूह का शुभारंभ किया। इनका उपयोग परिचालन, प्रशासन और एयरोस्पेस सुरक्षा के क्षेत्रों में कार्यों को स्वचालित करने तथा उनकी प्रक्रिया को तेज करने के लिए किया जाएगा। इन्हें भारतीय वायु सेना के सुरक्षित नेटवर्क पर स्थापित किया गया है। यह पहल प्रौद्योगिकी आधारित परिवर्तन और परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में भारतीय वायु सेना की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार और रक्षा वित्त सचिव विश्वजीत सहाय भी उपस्थित थे। इस दो दिवसीय सम्मेलन में भारतीय वायु सेना की सभी कमानों के एयर ऑफिसर्स कमांडिंग-इन-चीफ, सभी प्रधान स्टाफ अधिकारी और सभी महानिदेशक इस सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में भाग ले रहे हैं।
इस वर्ष के सम्मेलन का विषय ‘सशक्तीकरण का वर्ष : विकेंद्रीकरण के माध्यम से दक्षता को अधिकतम करना’ है। यह सम्मेलन भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ नेतृत्व को परिचालन, रखरखाव और प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।
