@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रगति यात्रा के अंतर्गत सुपौल जिले का दौरा किया गया। उन्होंने जिले को सौगात देते हुए कई योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री नीरज कुमार सिंह समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान सुपौल जिले अंतर्गत कोशी नदी स्थित निर्माणाधीन भेजा-बकौर पुल का हवाई सर्वेक्षण किया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का निरीक्षण तथा लाभार्थियों के बीच चेक का वितरण किया।

मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला टीम एवं भारतीय पुरूष टीम को खो-खो विश्व कप, 2025 जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य कामना की।

नीतीश कुमार ने कटिहार जिले के अमदाबाद में गंगा नदी में नाव डूबने से 03 लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि यह घटना अत्यंत दु:खद है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस घटना में लापता अन्य लोगों की समुचित खोजबीन जारी रखें। उन्होंने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने नवादा जिला के सिरदला अंचल के राजस्व अधिकारी ओम प्रकाश एवं अंचल नाजिर अनुज कुमार की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत दु:खद है।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्थापना एवं अनुकम्पा समिति की बैठक हुई। बैठक में सम्यक विचारोपरान्त समिति द्वारा कुल 132 सरकारी कर्मियों को सेवा संबंधी विभिन्न लाभ प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसमें 04 मृत कर्मियों के आश्रितों की अनुकंपा पर नियुक्ति हेतु अनुशंसा करने, 29 कर्मियों को प्रोन्नति, 35 कर्मियों को एसीपी/एमएसीपी का लाभ प्रदान करने, 31 कर्मियों को संविदा के आधार पर नियोजन करने एवं संविदा अवधि का विस्तार करने तथा 33 कर्मियों का सेवा-संपुष्ट करने का निर्णय लिया गया।

शेखपुरा के जिलाधिकारी आरिफ अहसन ने विष्णुधाम समास मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर के विकास कार्य हेतु संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में अधिप्राप्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 60,918 MT धान की अधिप्राप्ति हो चुकी है।7569 MT सीएमआर राज्य खाद्य निगम द्वारा अभी तक प्राप्त किया जा चुका है।

सीवान के जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना एवं सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन के निर्माण हेतु कई जरूरी दिशा-निर्देश दिये।

नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 27 फरियादियों की समस्याएं सुनी और समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिये।