@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर-कमलों द्वारा राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर बिहार के मधुबनी जिले में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, कई केन्द्रीय मंत्री समेत प्रदेश के कई मंत्री तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सूबे में विकासात्मक कार्यों के क्रियान्वयन को लेकर राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर प्रखंड के लखनपुरा में गंगा नदी की पुरानी धारा को धनसुरपुर घाट से देदौर घाट तक पुनर्जीवित करने हेतु चल रहे कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस कार्य में तेजी लाकर बरसात से पहले काम को पूर्ण कराएं। सीढ़ी घाट एवं इसके आसपास चल रहे विकास कार्यों के पूर्ण हो जाने से यहां आने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने दरभंगा एम्स (शोभन) के निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पहले फेज के अंतर्गत शीघ्र ही बाउंड्री निर्माण के बाद एक विशाल भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस मौके पर भू-राजस्व और भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रोशन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में लोक शिकायत निवारण एवं लोक सेवाओं अधिकार अधिनियम से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने सभी लोक प्राधिकारों एवं अधिकारियों को लंबित आवेदनों को त्वरित निष्पादित के निर्देश दिये। लोक शिकायत के 101 मामलों में लोक प्राधिकारों के विरुद्ध ₹ 2,79,800 का अर्थदण्ड लगाया गया है तथा 25 मामलों में अनुशासनिक कार्रवाई हेतु अनुशंसा की गई है। दंड की राशि जमा करने का साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराये जाने तक लोक प्राधिकारों का वेतन अवरूद्ध रहेगा।

नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने दवा वितरण काउंटर पर भीड़ को देख सिविल सर्जन को काउंटर बढ़ाने और अतिरिक्त कर्मी नियुक्त करने के निर्देश दिये। साथ ही लू वार्ड, इमरजेंसी वार्ड और डॉक्टरों के चैंबर व्यवस्था की जांच के दौरान बेड, कूलर, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और बिजली व्यवस्था सुधारने को कहा।

कटिहार के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में आगामी 16 मई, 2025 को कटिहार अभियंत्रण महाविद्यालय में प्रमंडलस्तरीय Industry-Institute Meet के आयोजन हेतु बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 32 फरियादियों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिये।

वैशाली के जिलाधिकारी यशपाल मीणा की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि टाइमलाइन बनाकर लंबित कार्यों को जल्द निष्पादित करें।