ITBP के सहयोग से प्रदेश में सीमा पर्यटन को दिया जाएगा बढ़ावा: मुख्यमंत्री

@ शिमला हिमाचल :-

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के उत्तरी सीमांत मुख्यालय देहरादून के सीमांत कमांडर संजय गुंज्याल ने  भेंट की।बैठक के दौरान प्रदेश के सीमावर्ती जिलों किन्नौर एवं लाहौल-स्पीति में ITBP की भूमिका व भारत-चीन सीमा सुरक्षा से सम्बन्धित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर राज्य के सीमांत अग्रिम क्षेत्रों में सीमा पर्यटन को बढ़ावा देने की कार्ययोजना, सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से ITBP को आपूर्ति के लिए स्थानीय उत्पादों की खरीद, ITBP के स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लोगों को चिकित्सा सुविधा प्रदान करने सहित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत ITBP के क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केन्द्रों से और बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ITBP के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित हेलीपैडों को दूर-दराज क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उपयोग में लाया जा सकता है। इसके लिए बल के साथ विस्तृत चर्चा कर सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी। इससे सम्पर्क सुविधा भी सशक्त होगी।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए अनेक कदम उठा  रही है। ग्रामीण आर्थिकी को सशक्त करने के लिए ITBP यदि स्थानीय लोगों से खाद्य उत्पाद क्रय करती है, तो इससे रोजगार के अवसर सृजित होंगे और किसान-बागवान भी लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बल के अधिकारियों से कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद स्थानीय लोगों को विशेष प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने प्रदेश सरकार के अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में संचार टावर स्थापित करने के लिए सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।  मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में ITBP द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और अन्य गतिविधियों की सराहना की।
कमांडर संजय गुंज्याल ने ITBP द्वारा वाईर्बेंट गांव विकास कार्यक्रम के तहत सांगला वैली व कौरिक क्षेत्र में प्रस्तावित तीन नई सड़कों के निर्माण के लिए उठाए गए कदमों तथा प्रदेश के दूरस्थ व अग्रिम सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रस्तावित 15 नई सड़कों के प्रस्ताव से भी अवगत करवाया।
बैठक में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, हिमफैड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, सचिव रितेश चौहान, ITBP के डीआईजी पवन कुमार नेगी व बरिन्द्रजीत सिंह, कमांडेंट वसंत नोगल और सुनील कुमार सेनानी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...