@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
सूबे में पर्यटन क्षेत्र के विस्तार हेतु राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप के निर्माण को लेकर कहा कि इसके निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने के बाद यहां बौद्ध भिक्षुओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में देश- विदेश से पर्यटक आएंगे। वैशाली ऐतिहासिक और पौराणिक जगह है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के जितने भी अस्थि कलश मिले हैं, उसमें वैशाली में मिला अस्थि कलश सबसे प्रमाणिक है। यहां आने वाले लोग बुद्ध के बारे में कई और जानकारियों से अवगत होंगे। बोधगया और राजगीर आनेवाले श्रद्धालु भी यहां आएंगे।

नीतीश कुमार ने कहा कि बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय में महात्मा बुद्ध के जीवन से संबंधित घटनाओं और बौद्ध धर्म से जुड़े प्रसंगों को यहां दर्शाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले वैशालीगढ़ की क्या स्थिति थी और बाद में हमने इसको विकसित करने को लेकर जो योजना बनाई, उसके तहत जो कार्य किए गए हैं, उसकी भी विवरणी को यहां दर्शाया जा रहा है। इससे लोग जान सकेंगे कि इस ऐतिहासिक धरोहर को विकसित करने के लिए बहुत सारे कार्य किए गए हैं।

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के कर-कमलों द्वारा आज ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में राज्य के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम- सह-सरकारी वाहन वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर विभागीय सचिव लोकेश कुमार सिंह, जीविका के सीईओ हिमांशु शर्मा, आयुक्त मनरेगा, बिहार सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बीआरडीएस-सह- अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जीविका मती अभिलाषा शर्मा समेत कई अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में लोक शिकायत के 18 अपीलीय मामलों की सुनवाई की गई तथा परिवादों का निवारण किया गया। उन्होंने लोक शिकायत के निष्पादन में शिथिलता बरतने के आरोप में प्रखंड विकास पदाधिकारी, मसौढ़ी के विरूद्ध ₹1,000 का अर्थदंड लगाया। साथ ही, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, पटना से स्पष्टीकरण मांगा गया।

मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल द्वारा प्रखंड- सह-अंचल कार्यालय, पताही का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कर्मियों की उपस्थिति की जांच की गई एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिये गये।

सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में संबंधित पदाधिकारियों से एजेंडावार सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

कटिहार के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कटिहार की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

औरंगाबाद के जिलाधिकारी कांत शास्त्री ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का बेहतर इलाज, साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता समेत कई आवश्यक दिशा- निर्देश दिये।