@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महान शूरवीर महाराणा प्रताप की जयंती पर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में फ्रेजर रोड स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

नीतीश कुमार ने गुरूवार को एक अणे मार्ग स्थित संकल्प में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पृष्ठभूमि में राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों की कड़ी निगरानी हेतु उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य के सभी सीमावर्ती जिलों में पूरी तरह चौकसी रखें। आवागमन पर कड़ी निगरानी रखी जाये तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति और वस्तुओं पर कड़ी नजर रखें।
सीमावर्ती जिलों के सभी महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी जाए और लगातार सघन गश्ती की व्यवस्था सुनिश्चित करें। सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरतें।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध पूरा देश एकजुट है। भारतीय सेना के साहस और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व है और आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व पर हम सभी को अटूट विश्वास एवं गर्व है। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य हैंडल के माध्यम से फर्जी खबरों एवं अफवाहों को पूरी सख्ती से रोकने के निर्देश दिये। लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है और सरकार इस मामले में पूरी तरह सजग और सतर्क है।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 70 फरियादियों की समस्याएं सुनी एवं समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को तत्काल निवारण हेतु जरूरी दिशा-निर्देश दिये।

नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर द्वारा भ्रमण कार्यक्रम के दौरान गोनावां रोड हरनौत अवस्थित निर्माणाधीन रेलवे फाटक ओवरब्रिज का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, पुल निर्माण विभाग को कार्य प्रगति हेतु कई जरूरी दिशा-निर्देश दिये।

गोपालगंज के जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सी.एच. की अध्यक्षता में मनेरगा योजना की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये।

दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रोशन की अध्यक्षता में रेड क्रॉस भवन के निर्माण हेतु विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक हुई। उन्होंने कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिये।

सुपौल के जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने लंबित दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, मापी वाद, भू-लगान वसूली एवं अतिक्रमणवाद के संबंध में दिशा-निर्देश दिये।