बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-

@ पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा पटना जिला स्थित बख्तियारपुर प्रखंड अन्तर्गत पुरानी गंगा धार को पुनर्जीवित करने एवं सीढ़ी घाट के निकट गंगा चैनल के दायें तट पर पक्का सुरक्षात्मक कार्य का लोकार्पण किया गया। साथ ही उन्होंने सीढ़ी घाट पर आयोजित गंगा आरती में भाग लिया और पूजा-अर्चना भी की। सीढ़ी घाट का विकास एवं गंगा नदी की पुरानी धारा को पुनर्जीवित किये जाने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर जल संसाधन-सह-संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
👉 नीतीश कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यहां काफी अच्छा काम हुआ है। सीढ़ी घाट का विकास और गंगा नदी की पुरानी धारा के पुनर्जीवित होने से श्रद्वालुओं को काफी सुविधा होगी। पिछले कुछ वर्षों से गंगा की धारा सीढ़ी घाट से दूर चली गयी थी, जिसे हमलोगों ने वापस लाया है। सीढ़ी घाट एवं इसके आसपास चल रहे विकास कार्यों के पूर्ण हो जाने से यहां आने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी।
👉 बिहार सरकार अपनी विभिन्न योजनाओं के जरिए मछली पालकों को सहायता दे रही है, जिसकी बदौलत राज्य को मछली उत्पादन में आत्मनिर्भरता मिली है। इसी कड़ी में पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत मत्स्य निदेशालय ने मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास योजना 2025-26 के लिए आवेदन आमंत्रित किया है। इसका लाभ उठाने के लिए मछली पालक 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के जरिए विगत तीन वर्षों में मछली पालकों को 298.46 करोड़ रूपये का अनुदान दिया जा चुका है।मालूम हो कि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सभी इच्छुक लाभार्थी fisheries.bihar.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी जिला मत्स्य कार्यालय में संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है।
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में एडिप योजना के अंतर्गत मूक बधिर बच्चों में कोक्लियर इम्पलांट किये जाने के संबंध में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। उन्होंने बताया कि पटना जिला में यह योजना दो प्रखंडों-दानापुर एवं फुलवारीशरीफ में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर प्रारंभ किया जा रहा है। इस योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को अंतर्विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
👉 दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक हुई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी खाद्यान्न का उठाव ससमय सुनिश्चित करें।
👉 नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान की अध्यक्षता में जिलास्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की स्थिति, पीड़ितों को मुआवजा भुगतान एवं न्याय दिलाने की प्रक्रिया पर गहन चर्चा हुई।
👉 सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के अंतर्गत द्वितीय अपीलीय संबंधी 05 वादों की सुनवाई हुई। 04 वादों का ऑन द स्पॉट निष्पादन तथा 01 वाद में सुनवाई हेतु अगली तिथि दिनांक 05.07.2025 निर्धारित किया गया।
👉 नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने बताया कि जिलान्तर्गत सभी 282 उच्च विद्यालयों में लाइव स्मार्ट क्लासेज शुरू हो गया है। साथ ही लाइव स्मार्ट क्लासेज के संचालन संबंधी विषयवार साप्ताहिक रुटीन तैयार करने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...