@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
राज्य के युवाओं को रोजगार देने हेतु बिहार सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राज्य में अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और लगभग 39 लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है और 50 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी /रोजगार देने के लक्ष्य को निश्चित रूप से प्राप्त कर लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में (2025 से 2030) वर्ष 2020-25 के लक्ष्य को दोगुना करते हुए एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया जा रहा है। इसके लिए निजी विशेषकर औद्योगिक क्षेत्रों में भी नौकरी एवं रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। इसे लेकर एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जा रहा है।

नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए वर्तमान में सात निश्चय के अंतर्गत युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। अगले पांच वर्षों में युवाओं के कौशल विकास के लिए सात निश्चय के तहत चल रहे कार्यक्रम को विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कौशल विकास हेतु एक कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी, जिसका नाम बिहार के गौरव भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के नाम पर जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय रखा जाएगा ताकि राज्य के युवाओं को कौशल विकास की नई दिशा मिल सके।

नगर विकास एवं आवास मंत्री जिवेश कुमार की अध्यक्षता में पटना स्थित कार्यालय में दरभंगा जिले के विभिन्न नगर निकायों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये।

बक्सर के जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह द्वारा श्रावणी मास के अवसर पर रामरेखा घाट एवं मुक्तिधाम का निरीक्षण किया गया। उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर की गयी सभी आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली।

अरवल के जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सेवा, आवश्यक दवा की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं रोस्टरवार सूची के अनुसार डॉक्टरों की उपस्थिति के निर्देश दिये।

बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला की अध्यक्षता में जिलास्तरीय पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने एवं ससमय प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिये।

राजस्व एवं भूमि सुधार संबंधी मामलों के कार्यों को गति प्रदान करने तथा जनहित के मामलों का त्वरित निष्पादन करने के निमित्त जिलान्तर्गत 17 अमीन कर्मियों का नियोजन किया गया। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने शुभकामनाएं देते हुए सभी 17 अमीन कर्मियों को नियोजन पत्र सौंपा।

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार द्वारा ‘जीविका दीदी की रसोई’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।