@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
सूबे में यातायात को और विस्तार करने हेतु राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गायघाट में जे.पी.गंगा पथ से सटे नदी की ओर डाउन रैंप के निर्माण कार्य का कार्यारंभ के दौरान कहा कि इस योजना के पूर्ण होने पर जे.पी.गंगा पथ से गायघाट में उतरने में सुविधा होगी। जे.पी.गंगा पथ गायघाट में यू-टर्न व्यवस्था के निरंतर जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे कार्य पूर्ण होने पर मुक्ति मिल जाएगी। इससे यातायात सुगम होगा और सड़क सुरक्षा बेहतर होगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जे.पी.गंगा पथ पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की लगायी गयी तस्वीर को देखकर निर्देश दिया कि इस पथ पर जगह-जगह और अच्छे ढंग से लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की तस्वीर लगाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि अटल पथ पर श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की भी तस्वीर लगाएं। उन्होंने कहा कि जे.पी.गंगा पथ और अटल पथ को साफ-सुथरा सुसज्जित, सुरक्षित एवं मेंटेन रखें।

बिहार की ऐतिहासिक और पौराणिक पहचान को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सुनील कुमार के कर-कमलों द्वारा बक्सर जिले में “महर्षि विश्वामित्र पार्क” निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सोन नहर के स्केप चैनल के दोनों ओर विकसित होने वाला यह पार्क बक्सर की सांस्कृतिक विरासत और पौराणिक महत्व को नए अंदाज में प्रस्तुत करेगा। पार्क में वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम, योगा पार्क, ओपन एयर एम्फीथिएटर, केबल-आधारित हैंगिंग ब्रिज, ग्रामीण हाट, जेन गार्डन, कैफेटेरिया और बच्चों के खेलने का जोन जैसी सुविधाएं होंगी। गंगा तट पर महर्षि विश्वामित्र की आदमकद प्रतिमा और “सिद्धाश्रम म्यूजियम” पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे। दूषित जल और कचरे के निस्तारण के लिए मिनी एसटीपी और बायो-रेमेडिएशन तकनीक का उपयोग किया जाएगा।

पटना प्रमंडल के आयुक्त सह-प्रेक्षक डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने रोहतास जिले के कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्वस्त न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की तथा निर्वाचक सूची तैयारियों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं लोगों से वार्ता की गई।

सहरसा के जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिलास्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में उच्च न्यायालय से संबंधित न्यायिक मामलों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला एवं पुलिस अधीक्षक मनीष ने गांधी स्टेडियम में सम्मानपूर्वक ट्रॉफी का अनावरण किया। हीरो एशिया कप-2025 हॉकी की ट्रॉफी 27 अगस्त को बेगूसराय पहुंची। पास द बॉल कार्यक्रम के तहत प्रतीकात्मक खेल एवं गुब्बारे उड़ाए गए। इस टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 29 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में किया जाएगा। यह पहला अवसर है, जब बिहार में पुरुष एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता होने जा रही है, जिसमें भारत, चीन, जापान एवं ताइवान सहित आठ देशों की टीमें भाग लेंगी। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, खेल विभाग के पदाधिकारी और खेल प्रेमियों ने मिलकर ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया।

औरंगाबाद के जिलाधिकारी कांत शास्त्री ने “राजस्व विभाग आपके द्वार” अभियान के तहत औरंगाबाद, गोह एवं रफीगंज प्रखंडों में आयोजित विशेष शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

पश्चिम चम्पारण के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 की तैयारियों के तहत स्थानीय प्रेक्षा गृह में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन हुआ। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के सेक्टर व पुलिस पदाधिकारियों को आदर्श आचार संहिता, EVM/VVPAT संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।