@ नई दिल्ली :-
भारतीय सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के घर से करीब ₹2 करोड़ नकद बरामद होने से रक्षा प्रतिष्ठान में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा, जो भारतीय सेना के अधिकारी हैं और वर्तमान में रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत रक्षा उत्पादन विभाग में प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे, के आवास से यह भारी रकम बरामद की गई।

इस मामले में उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली, जो एक इन्फैंट्री ऑर्डनेंस यूनिट की कमांडिंग ऑफिसर (CO) हैं, को भी आरोपी बनाया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह रकम कथित तौर पर रिश्वतखोरी और अवैध लेनदेन से जुड़ी हो सकती है।
केंद्रीय जांच एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में जांच आगे बढ़ाई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद छापेमारी में नकदी बरामद हुई।
CBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम किन सौदों या ठेकों से जुड़ी है, और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। इस प्रकरण ने न केवल रक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को भी रेखांकित किया है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
