प्रधानमंत्री क्रिसमस पर दिल्ली स्थित ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन’ में क्रिसमस प्रार्थना सभा शामिल हुए 

@ नई दिल्ली :-

प्रधानमंत्री ने गुरुवार को क्रिसमस के अवसर पर दिल्ली स्थित ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन’ में आयोजित क्रिसमस प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। इस प्रार्थना सभा में दिल्ली और उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आए ईसाई समुदाय के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रार्थना सभा के दौरान विशेष प्रार्थनाएं की गईं, क्रिसमस कैरोल्स और भजन गाए गए। दिल्ली के बिशप राइट रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, दिल्ली में ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन’ में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा में शामिल हुआ। सभा में प्यार, शांति और दया का सदा रहने वाला संदेश देखने को मिला। क्रिसमस की भावना हमारे समाज में मेलजोल और अच्छाई की भावना को और मजबूत करे।

प्रधानमंत्री ने चर्च में आयोजित प्रार्थना सभा की कुछ तस्वीरें भी ‘एक्स’ पर साझा कीं। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, क्रिसमस नई उम्मीद, प्यार और दयालुता का संदेश लेकर आता है। ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन’ में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा के कुछ खास पल यहां साझा कर रहा हूं।

पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईसाई समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में नियमित रूप से शामिल होते रहे हैं। ईस्टर 2023 के अवसर पर उन्होंने दिल्ली स्थित ‘सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल’ में आयोजित ईस्टर कार्यक्रम में भाग लिया था और प्रार्थना सभा में शामिल हुए थे।

क्रिसमस 2023 पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आवास पर ईसाई समुदाय के प्रमुख सदस्यों के साथ एक विशेष कार्यक्रम की मेजबानी की थी। वहीं, 2024 में उन्होंने केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के आवास पर आयोजित क्रिसमस डिनर में भी शिरकत की थी। कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री शामिल हुए थे। गौरतलब है कि गुरुवार को दुनिया भर में क्रिसमस का पर्व मनाया जा रहा है, जो प्रभु यीशु मसीह के जन्म का प्रतीक है। भारत में विभिन्न धर्मों के लोग इस पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मिल-जुलकर मनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...