@ नई दिल्ली :-
उत्तराखंड स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा शनिवार, 31 जनवरी 2026 को होटल द सूर्या, नई दिल्ली में द्वितीय उत्तराखंडी उद्यमी एवं कॉरपोरेट लीडर्स मीट का सफल आयोजन किया गया।

इस मीट में देश के विभिन्न क्षेत्रों से उत्तराखंडी उद्यमियों की भागीदारी रही, जिनमें देहरादून, हल्द्वानी, कोटद्वार के साथ-साथ अहमदाबाद से आए उत्तराखंडी उद्यमियों की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। साथ ही यह भी उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड स्पोर्ट्स फाउंडेशन उत्तराखंड का पहला फाउंडेशन है, जिसने 100 से अधिक उत्तराखंडी उद्यमियों को एक साझा मंच पर जोड़ने का कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड स्पोर्ट्स फाउंडेशन की सोच, इसके उद्देश्य, वर्तमान गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि किस प्रकार उत्तराखंडी उद्यमी एवं कॉरपोरेट लीडर्स का यह समुदाय फाउंडेशन के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएगा।
मीट में उत्तराखंडी उद्यमियों और कॉरपोरेट लीडर्स समुदाय के गठन के पीछे की सोच साझा की गई। सभी सदस्यों को स्वयं तथा अपने व्यवसाय का परिचय देने का अवसर मिला, जिससे वे एक-दूसरे के उत्पादों और सेवाओं को बेहतर तरीके से समझ सके। कार्यक्रम के दौरान आपसी संवाद के माध्यम से भविष्य में साथ काम करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

इस मीट का उद्देश्य केवल परिचय तक सीमित न रहकर वास्तविक व्यावसायिक संबंध स्थापित करना था। यह मंच उत्तराखंडी उद्यमियों और कॉरपोरेट लीडर्स को जोड़ने, संवाद बढ़ाने और दीर्घकालिक संबंध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
इस अवसर पर 25 नए उत्तराखंडी उद्यमियों एवं पेशेवरों ने उत्तराखंड स्पोर्ट्स फाउंडेशन की सदस्यता ग्रहण की, जिससे उत्तराखंडी उद्यमी एवं कॉरपोरेट लीडर्स नेटवर्क की कुल सदस्य संख्या अब 100 से अधिक हो गई है।
कार्यक्रम में संरक्षक महेश काला एवं बृज मोहन नौडियाल, चेयरमैन मनोज डोभाल, अध्यक्ष सुशील भट्ट, महिला विंग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल पूजा नौटियाल, उद्यमी विंग अध्यक्ष संजीव रावत, महासचिव विकास पुंडोरा, संदीप रावत, संयुक्त सचिव संदीप नेगी, उपाध्यक्ष (संगठन) आशुतोष पंत, उपाध्यक्ष (जनसंपर्क) कविंद्र सिंह बृजवाल, प्रवक्ता शालना चंद तथा सोशल मीडिया सचिव आयुष जखमोला उपस्थित रहे।
उत्तराखंड स्पोर्ट्स फाउंडेशन भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से उत्तराखंडी उद्यमियों और कॉरपोरेट लीडर्स को एक साझा मंच पर जोड़ता रहेगा।
